कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री डॉ. शकील अहमद ने कहा है कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से दोस्ती की वजह से बिहार में कांग्रेस का खासा नुकसान हुआ है। इसलिए बिहार में आगामी 2010 के विधानसभा चुनाव कांग्रेस अपने दम पर लड़ेगी। कांग्रेस के लिए लालू और पासवान दोनों दुश्मन हैं। डॉ. शकील अहमद ने देश के एकमात्र बहुभाषी पुरबिया चैनल “हमार टीवी” के ख़ास कार्यक्रम “हमार बातचीत” में यह रहस्योदघाटन किया।
डॉ. अहमद ने कहा कि भाजपा और पाकिस्तान एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। दोनों का मकसद देश में विद्वेष और घृणा फैलाना है। उन्होंने दावा किया कि बाबरी मस्जिद के विध्वंस के लिए जिम्मेवार भाजपा नेताओं को नहीं बख्शा जाएगा। लिब्रहान आयोग के रिपोर्ट में शामिल सभी नेताओं के खिलाफ यथोचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा है कि सभी आतंकवादी मुसलमान नहीं होते। आप देखें तो आजकल पुरोहित, कुलकर्णी, प्रज्ञा ठाकुर जैसे लोग मुसलमान नहीं हैं जिन पर देशद्रोह का आरोप लगा है। पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री इन मसलों के अलावा नीतीश सरकार के धर्म-राजनीति संबंध, झारखंड चुनाव के बाद कांग्रेस की स्थिति और बिहार-उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की दशा और दिशा पर खुल कर बोले।
इस कार्यक्रम को विस्तृत तौर पर शनिवार, 2 जनवरी, दोपहर 12 बजे और रविवार, 3 जनवरी को रात्रि 8 बजे “हमार टीवी” पर देखा जा सकता है। इस कार्यक्रम को “हमार बातचीत” की एनई टीवी समूह के उपाध्यक्ष (समाचार) और समूह के वरिष्ठ संपादक कुमार राकेश प्रस्तुत कर रहे हैं। कार्यक्रम के निर्माता दिलीप सिंह हैं। ”हमार टीवी” के “हमार बातचीत” कार्यक्रम को बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश के विभिन्न हस्तियों के साथ स्थानीय बोली और भाषाओं में प्रस्तुत किया जा रहा है। गौरतलब है कि “हमार टीवी” भोजपुरी के अलावा अंगिका, मैथिली, मगही, अवधी, बज्जिका, खोरठा, नागपुरी और बघेली भाषाओं में सूचना, समाचार व कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहा है। इस एनई टीवी समूह में हमार टीवी के अलावा फोकस टीवी, एचवाई टीवी, एनई टीवी, एनई बांग्ला, एनई हाईफाई चैनलों के अलावा रेडियो उलाला के नाम से चार रेडियो एफएम स्टेशन हैं। प्रेस विज्ञप्ति