उत्तराखण्ड के हरिद्वार प्रेस क्लब ने इस बार भी होली मिलन समारोह नये अंदाज में मनाया। पत्रकारों की प्रस्तुति से समारोह में मौजूद मंत्री, नेता, अफसर हंस-हंसकर लोट-पोट हो गये। इस कार्यक्रम में ‘इण्डियन आइडल’ फेम हिमानी वशिष्ट ने अपनी कला का जलवा बिखेरा। प्रेस क्लब अध्यक्ष आदेश त्यागी ने साथी पत्रकारों के साथ लोकसभा चुनाव पर ज्योतिषी बनकर तीखे तीर चलाये। पत्रकार शिवा अग्रवाल व रामेश्वर की जोड़ी ने योग गुरु बाबा रामदेव और उनके सहायक बालकृष्ण का रूप धरा।
इन दोनों ने मौजूद लोगों को योग सिखाकर सभी को लोटपोट होने के लिए मजबूर कर दिया। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में कुंभ मेले की तैयारियों को फाइलों
में निपटाने की कवायदों का ‘आओ बैठक-बैठक खेलें’ कार्यक्रम का मंचन कर व्यंग्य कसा गया। इसमें पत्रकार प्रदीप गर्ग, तनुज वालिया, अमित, विवेक आदि ने अपनी प्रस्तुति दी। महामंत्री मनोज भी अलग वेशभूषा में दिखे।
इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति से सबका मन मोहा। होली मिलन समारोह में खास बात यह थी की मंत्री को घोड़े पर जुलूस निकालते हुए कार्यक्रम स्थल पर लाया जाना था। उत्तराखण्ड सरकार में शहरी विकास मंत्री दिवाकर भट्ट सहित अन्य लोगों को इसी प्रकार मौके पर लाया गया।
इस प्रोग्राम का सफल संचालन वरिष्ठ पत्रकार कमलकांत बुधकर ने किया। कार्यक्रम में मंत्री मदन कोशिक. विधायक शहजाद, चेयरमैन कमल, अंबरीष कुमार, कुलपति स्वतंत्र कुमार, प्रदीप चौधरी, जिलाधिकारी शैलेष बगोली, मेलाधिकारी आनंद सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।











