: सितम्बर में होगा अधिवेशन व चुनाव : हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की प्रदेश कार्यकारिणी की रविवार को रोहतक में हुई बैठक हंगामेदार रही। अध्यक्षता यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष संजय राठी ने की। बैठक में यूनियन अधिवेशन व चुनाव की घोषणा कर दी गई। हंगामे की शुरुआत कोषाध्यक्ष लोकेश जैन के हिसाब-किताब प्रस्तुत करने के साथ हुई।
जैन ने जैसे ही लेखा-जोखा प्रस्तुत करना शुरू किया, उसी के साथ विरोध शुरू हो गया। यूनियन के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सोमनाथ शर्मा ने इस बात पर विरोध जताया कि रोहतक में मीडिया सेंटर के लिए सामान खरीदने के लिए किस कमेटी का गठन किया गया। साथ ही बेवजह ही काफी महंगा सामान खरीद लिया गया। उन्होंने यूनियन के कोषाध्यक्ष से इस बारे में स्पष्टीकरण देने को कहा। वहीं, यूनियन के प्रदेश महासचिव बलजीत सिंह ने विरोध जताते हुए कहा कि यूनियन का प्रदेश और रोहतक जिला का हिसाब-किताब अलग-अलग रखा जाना चाहिए।
इसके अलावा यह भी चर्चा हुई कि हरियाणा के गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा द्वारा यूनियन के लिए पालिसी हेतु ढाई लाख रुपए की घोषणा किए जाने के बावजूद अभी तक पैसा नहीं आया और इस वजह से यूनियन पर बेवजह ही ढाई लाख रुपए का भार पड़ा। इस पर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष संजय राठी उठ खड़े हुए और उन्होंने कहा कि आज की यह बैठक यूनियन के अधिवेशन और चुनाव के बारे मे चर्चा करने के लिए बुलाई गई है, इसलिए बाकी मुद्दों पर बाद में चर्चा की जाएगी। इसके बाद तय किया गया कि यूनियन का चुनाव और अधिवेशन सितम्बर माह के प्रथम या द्वितीय सप्ताह में फरीदाबाद में कराया जाएगा।
यूनियन द्वारा कुछ सदस्यों को कराई गई थाईलैंड की विदेश यात्रा पर भी बैठक में सवाल उठे। यूनियन के राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र धर्माणी ने भी बैठक में संगठन से संबंधित बात रखी। इस बैठक में प्रमुख रूप यूनियन के मुख्य सलाहकार एव हरियाणा प्रशासनिक सुधार आयोग के सदस्य डीआर चौधरी भी मौजूद रहे। यूनियन से संबंधित बाकी मुद्दों के बारे में बैठक में बाद में कोई चर्चा तक नहीं हुई और सभी पत्रकारों को गिट और स्मृति चिन्ह देकर विदा कर दिया गया।
विधायक को क्यों बुलाया गया : हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में रोहतक के कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा को भी बुलाया गया था। इस पर कई सदस्यों ने सवाल उठाया। इन सदस्यों का कहना था कि यह पत्रकारों की अंदरूनी बैठक है और इसमें किसी राजनेता को नहीं बुलाया जाना चाहिए था। यूनियन के आगामी अधिवेशन में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाने पर भी बैठक में मतभेद उभर कर सामने आए। यूनियन के राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र धर्माणी का कहना था कि मुख्यमंत्री को पहले भी यूनियन के सम्मेलन में बुलाया गया था और उन्होंने पत्रकारो के कल्याण के लिए कई घोषणाएं भी की थीं, लेकिन आज तक इन घोषणाओं पर अमल नहीं हुआ।
पत्रकारों के उत्पीड़न का मामला भी उठा : हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की बैठक में प्रदेश में पत्रकारों के उत्पीड़न का मामला भी उठा। यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष संजय राठी ने कई घटनाओं का जिक्र किया। इन घटनाओं में स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा पत्रकारों से दुर्व्यवहार का जिक्र किया गया। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में दो दिन पूर्व दो प्रैस छायाकारों के साथ विवि के अधिकारियों द्वारा दुर्व्यवहार की भी बैठक में निंदा की गई।











