हिंदी मीडिया के सुपरस्टारों में से एक मशहूर पत्रकार रजत शर्मा इंडिया टीवी को शीर्ष न्यूज चैनलों की कतार में खड़ा करने के बाद अपने इसी ब्रांड को मजबूती प्रदान करने के लिए अन्य मीडिया माध्यमों पर नजर गड़ा चुके हैं। खबर है कि इसके लिए उन्होंने एक नई कंपनी गठित कर दी है। नाम रखा है इंडिया टीवी इंटरेक्टिव प्राइवेट लिमिटेड। यह कंपनी नए मीडिया माध्यमों और वैल्यू एडेड सर्विसेज पर काम करेगी। इस नई कंपनी आईटीवीआई में सीनियर वाइस प्रेसीडेंट के रूप में अरविंद महेंद्रू की नियुक्ति भी कर दी गई है। वे न्यू मीडिया का काम देखेंगे। वे इंडिया टीवी के मैनेजिंग डायरेक्टर रीतू धवन को रिपोर्ट करेंगे। मतलब, नई कंपनी इंडिया टीवी की सहयोगी कंपनी के रूप में काम करेगी। यह कवायद इंडिया टीवी को और ज्यादा मजबूती प्रदान करने के लिए है।
इंटरनेट, मोबाइल और इंटरेक्टिव टीवी प्लेटफार्मों के इस्तेमाल के जरिए इंडिया टीवी को मार्केट लीडर बनाने की तैयारी है। आईटीवीआई के सीनियर वीपी ग्रुपएम से आए हैं। वे इसके पहले भारती एयरटेल में मार्केटिंग के जनरल मैनेजर रह चुके हैं। उससे भी पहले भी टाइम्स इंटरनेट लिमिटेड के चीफ मैनेजर, ब्राडबैंड हुआ करते थे। महेंद्रू ने एएम ट्रिनिटी प्लेटको लिमिटेड, टर्नर इंटरनेशनल (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड जो अब जी टर्नर प्राइवेट लिमिटेड में तब्दील हो चुकी है और स्टार टीवी के साथ भी काम किया हुआ है।











