जनसत्ता, रायपुर के समाचार संपादक अनिल विभाकर को पदोन्नत कर स्थानीय संपादक बना दिया गया है। इसके पहले रेजीडेंट एडिटर के पद पर परितोष चक्रवर्ती हुआ करते थे। परितोष के जाने के बाद अनिल विभाकर का नाम प्रिंट लाइन में बतौर समाचार संपादक प्रकाशित किया जाता रहा। प्रबंधन ने कुछ रोज पहले उन्हें प्रमोट कर रेजीडेंट एडिटर बना दिया। पटना के रहने वाले अनिल विभाकर ने करियर की शुरुआत दैनिक आज, पटना से की थी। यहां वे तीन साल रहे।
उसके बाद बतौर सब एडिटर दैनिक हिंदुस्तान, पटना की टीम का हिस्सा बने। हिंदुस्तान की 20 वर्षों तक सेवा की। यहां से चीफ सब एडिटर पद से इस्तीफा देने के बाद जनसत्ता, रायपुर में तीन वर्ष पहले न्यूज एडिटर के रूप में नई पारी शुरू की। ज्ञात हो, छत्तीसगढ़ में जनसत्ता को फ्रेंचाइजी के रूप में काव्या प्रकाशन ने लिया हुआ है। इसके चेयरमैन विजय बुधिया हैं।