पत्रकार शारदा पाठक का शनिवार को जबलपुर के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे 76 साल के थे और अविवाहित थे। मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को वे एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण उनकी मौत हो गई।
शारदा पाठक पुरातत्व में एमए थे। वे पिछले 55 साल से पत्रकारिता से जुड़े हुए थे। उन्होंने 1954 में नवभारत से पत्रकारिता की शुरुआत की। कुछ समय हिंदुस्तान में भी उन्होंने काम किया। सर्वोदय में प्रभाष जोशी और भवानी प्रसाद मिश्र के साथ काम कर चुके शारदा पाठक 1972 में महर्षि महेश योगी के संस्थान से जुड़े। अभी वे स्वतंत्र पत्रकारिता कर रहे थे। (साभार : जनसत्ता)