हिंदुस्तान टाइम्स, रांची के एडिटोरियल इंचार्ज अक्षय कुमार की सड़क हादसे में निधन होने की दुखद सूचना मिली है। हादसे में अक्षय की पत्नी का भी निधन हो गया। वीओआई के ग्रुप एडिटर किशोर मालवीय के ममेरे भाई अक्षय कुमार कई वर्षों तक एचटी, रांची के चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत रहे। बाद में उन्हें एडिटोरियल इंचार्ज बना दिया गया। अक्षय अपनी बेटी की उम्र एक साल होने के मौके पर धार्मिक यात्रा पर निकले हुए थे। उनके साथ उनका एक दोस्त, दोस्त की पत्नी व बच्चे भी थे। ये लोग पहले रांची से बाई रोड विंध्याचल मंदिर गए।
फिर वहां से महाकालेश्वर, उज्जैन के लिए निकल पड़े। उज्जैन से लौटते समय भोपाल के करीब इनकी गाड़ी हादसे की शिकार हो गई। इस भयानक हादसे में अक्षय और उनकी पत्नी का निधन मौके पर ही हो गया। एक साल की बेटी किसी चमत्कार की तरह जीवित बच गई है। अक्षय के दोस्त का भी निधन हो गया पर दोस्त की पत्नी, बेटा व बेटी बच गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही पत्रकार जगत शोकाकुल हो गया है।