
विदेश से एक बुरी खबर। सोमालिया में एक रेडियो जर्नलिस्ट की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना राजधानी मोगादिशु की है। यहां रविवार को एक सोमाली रेडियो स्टेशन ‘शाबेले रेडियो नेटवर्क’ के निदेशक मुख्तार मोहम्मद हीराबे को गोली तब मारी गई जब वे एक गली से गुजर रहे थे। घटना के वक्त उनके साथ सहकर्मी और शाबेले रेडियो नेटवर्क में बतौर न्यूज एडिटर कार्यरत अहमद उमर हाशी भी थे।
गोली लगने से 47 वर्षीय अहमद उमर हाशी गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि सिर पर गोली लगने से निदेशक मुख्तार मोहम्मद हीराबे (48 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। हीराबे के सिर पर पांच गोलियां मारी गईं जिसके चलते वे बच नहीं पाए। अहमद उमर हाशी के पेट में दो गोलियां लगी हैं जिनका इलाज चल रहा है। सोमालिया के पत्रकार संगठनों और स्थानीय पत्रकारों ने मीडियाकर्मियों को लगातार निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है।
इस पूर्वी अफ्रीकी देश में इस साल अब तक पांच पत्रकारों की हत्या की जा चुकी है। इनमें से तीन पत्रकार शाबेले नेटवर्क से जुड़े थे। नेशनल यूनियन आफ सोमाली जर्नलिस्ट की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि हीराबे की हत्या की साजिश पहले से रची गई थी और उन्हें लक्ष्य करके गोली मारी गई।
यूनियन के महासचिव उमर फारुक उस्मान का कहना है कि अशांत इलाकों में प्रतिबद्धता के साथ काम करने वाले पत्रकारों की समुचित सुरक्षा मुहैया कराया जाना चाहिए। ज्ञात हो कि पिछले महीने सोमालिया के एक अन्य पत्रकार 56 वर्षीय नूर मुसे हुसैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।











