‘स्पोर्ट्स स्टार’ और ‘आल स्पोर्ट्स’ जैसी मैग्जीनों को मात देने के इरादे से अमेरिकी स्पोर्ट्स मैग्जीन ‘स्पोर्ट्स इलेस्ट्रेटेड’ 5 अक्टूबर से भारतीय बाजार में पदार्पण करने जा रही है। टाइम वार्नर ग्रुप की 55 साल पुरानी इस मैग्जीन का भारत में मूल्य 100 रुपये होगा। मैग्जीन में क्रिकेटर सौरव गांगुली और गोल्फर शिव कपूर के नियमित स्तंभ होंगे। यह मासिक मैग्जीन एक लाख कापी के साथ लांच की जाएगी।
स्पोर्ट्स इलेस्ट्रेटेड का भारतीय संस्करण लांच करने जा रही कंपनी का नाम डेनिस मीडिया ट्रांसएशिया है। इस कंपनी में ब्रिटेन की डेनिस मीडिया और भारत की मीडिया ट्रांसएशिया की फिफ्टी-फिफ्टी भागीदारी है। भारतीय कंपनी मीडिया ट्रांसएशिया पहले से ही कई मैग्जीनों का प्रकाशन कर रही है जिसमें संगीत केंद्रित मैग्जीन ब्लेंडर और पुरुषों की मैग्जीन मैक्सिम प्रमुख हैं। उल्लेखनीय है कि हिंदू ग्रुप की मैग्जीन स्पोर्ट्स स्टार और एस्सेल ग्रुप की आल स्पोर्ट्स का संयुक्त सरकुलेशन एक लाख कापी के करीब है।











