आज तक न्यूज चैनल के सीनियर कैमरामैन मनू बख्शी का आज दिल्ली में देहांत हो गया। वे 33 वर्ष के थे। उनका निधन ब्रेन हैमरेज और हार्ट फेल्योर की वजह से हुआ। पंजाब के फगवाड़ा के रहने वाले मनू के बारे में पता चला है कि उन्हें एक हफ्ते पहले स्वास्थ्य कारणों से राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में स्थिति सामान्य होने पर वे डिस्चार्ज होकर घर वापस लौट आए थे।
आज सुबह नाक से ब्लीडिंग होने के बाद डाक्टर को उन्होंने फोन किया और दवाइयां लीं। बताया जाता है कि नौ बजे सुबह के आसपास उन्हें तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। वहां अचानक ब्रेन हैमरेज व हार्ट फेल्योर के कारण उनका निधन हो गया। मनू आज तक में करीब 12 वर्षों से थे और तेजतर्रार कैमरामैनों में शुमार किए जाते थे। उनकी शादी चार वर्ष पहले हुई। उन्हें कोई बच्चा नहीं था। वे गाजियाबाद के वसुंधरा में रहते थे।