पत्रकारों के आपराधिक वारदातों में शामिल होने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। उज्जैन में चार पत्रकारों को कोर्ट से सजा मिलने के मामले के बाद अब दूसरा मामला बुलंदशहर का पता चला है जहां एक पत्रकार हत्या के आरोप में जेल भेज दिया गया है। पत्रकार का नाम है जावेद गाजी उर्फ बोबी। पुलिस ने जावेद पर गैंगस्टर भी लगा दिया है। जावेद केबिल कारोबार से जुड़े कामरान नामक व्यक्ति की हत्या का आरोपी है। जावेद के साथ नावेद गाजी और दीपक खन्ना भी इसी मामले में आरोपी हैं। ये लोग इन दिनों जेल में है। बताया जाता है कि केबल कारोबार से जुड़े कामरान की जून महीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव भूड़ रोड पर सड़क किनारे पड़ा पाया गया था। इस हत्याकांड के खिलाफ बुलंदशहर में दो दिनों तक धरना-प्रदर्शन का दौर चला।
तीसरे दिन कोतवाली पुलिस ने जावेद गाजी, नावेद गाजी और दीपक खन्ना को नामजद किया। बाद में पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। पत्रकार जावेद के बारे में बताया जाता है कि वे देश के एक बड़े न्यूज चैनल के स्थानीय संवाददाता हैं। साथ ही कई स्थानीय चैनलों से भी जुड़े हुए हैं और केबल कारोबार की राजनीति के सक्रिय हिस्से हैं।











