श्रीलंका में तमिल पत्रकार को 20 साल की सजा : श्रीलंका की एक अदालत ने एक तमिल पत्रकार को 20 साल की लंबी सजा सुनाई है। इस पत्रकार को आतंकवादी गतिविधि निरोधक कानून एवं आपातकालीन प्रावधानों के तहत दोषी करार दिया गया है। जयप्रकाश तिसैयनायगम (48) 14 महीनों से हिरासत में हैं। कोलंबो हाई कोर्ट ने उन्हें 20 साल की सजा सुनाई है। न्यायाधीश दीपाली विजेसुंदरा ने जयप्रकाश के वकील की दलीलों को खारिज करते हुए उन्हें सश्रम कारावास की सजा सुनाई। उन पर सांप्रदायिक, जातीय और नस्ली दुर्भावना से प्रेरित होकर आलेख प्रकाशित करने का आरोप है। अदालत ने कहा कि जयप्रकाश का अपराध गंभीर श्रेणी में आता है, इसलिए उनके प्रति नरमी नहीं बरती जा सकती। जयप्रकाश ने नॉर्थ ईस्टर्न हेराल्ड नामक अखबार में ये आलेख लिखे थे। उनके वकील ने इस निर्णय को चुनौती देने की घोषणा की है।
जॉर्ज बुश की बेटी जेना हेगर बनी पत्रकार : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू. बुश की बेटी जेना हेगर टीवी पत्रकार बन गई हैं। एक चैनल ने हेगर को अपना नया संवाददाता नियुक्त किया है। चैनल के कार्यकारी निर्माता जिम बेल के मुताबिक हेगर को महीने भर में कम से कम एक बार शिक्षा जैसे विषयों पर अपनी रिपोर्ट देनी होगी। उनकी इस रिपोर्ट को सुबह के समय अत्यंत लोकप्रिय समाचार कार्यक्रम में प्रसारित किया जाएगा। सत्ताइस वर्षीया हेगर बाल्टीमोर में अध्यापिका हैं। इस नियुक्ति के बाद हेगर ने कहा कि वह हमेशा से ही अध्यापिका या लेखिका बनना चाहती थीं। हेगर ने दो किताबें भी लिखी हैं।
कैमरामैन की पिटाई : दिल्ली के प्रसाद नगर इलाके में एक व्यक्ति द्वारा दूसरी शादी रचाने की बात सुन कर उसकी पत्नी के साथ कवरेज करने पहुंचे एक कैमरामैन की लोगों ने पिटाई कर दी। दरअसल महिला को किसी ने जानकारी दी थी कि उसका पति दूसरी शादी कर रहा है, लेकिन शादी करने वाला व्यक्ति कोई और ही निकला। जानकारी के मुताबिक सुल्तानपुरी निवासी एक महिला सुमन की शादी दस साल पहले सुनील कुमार से हुई थी। शादी के कुछ साल बाद महिला ने पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। मामला कोर्ट में चल रहा है।
सभी खबरें : साभार ‘हिंदुस्तान‘