वरिष्ठ पत्रकार एसएन विनोद के बारे में खबर है कि उन्होंने इंडिया न्यूज को बाय-बाय बोल दिया है। पता चला है कि वे देशोन्नति ग्रुप के समूह संपादक बनाए गए हैं। इंडिया न्यूज से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पिछले दिनों उनका तबादला मुंबई से दिल्ली कर दिया गया था। तभी से एसएन विनोद की विदाई के कयास लगाए जाने लगे थे। इंडिया न्यूज के सीईओ हरीश गुप्ता की कोर टीम में शामिल रहे एसएन विनोद को बाद में भोजपुरी चैनल गंगा लांच कराने की जिम्मेदारी दे दी गई थी। वे मुंबई में इसी प्रोजेक्ट पर लगे हुए थे। बाद में चैनल में अंदरखाने बदली हुईं परिस्थितियों और भोजपुरी चैनल लांचिंग में हो रही देर को देखते हुए उन्हें इस प्रोजेक्ट से हटा कर इंडिया न्यूज में वापस दिल्ली बुला लिया गया। दिल्ली में उनकी स्थिति यह थी कि उन्हें आफिस में बैठने तक की जगह नहीं थी।
कुल मिलाकर ऐसी स्थिति क्रिएट हो गई या कर दी गई कि एसएन विनोद खुद चले जाएं। हुआ भी ऐसा ही। हालांकि उन दिनों एसएन विनोद ने भड़ास4मीडिया से बार-बार यही कहा कि वे अभी बने हुए हैं। न तो हटाया गया है और न ही इस्तीफा दिया है। पर आफिस से जुड़े लोगों का कहना था कि वे अब इंडिया न्यूज के साथ नहीं हैं। टीवी का साथ छोड़ एसएन विनोद अब प्रिंट में फिर लौट चुके हैं। खबर है कि वे देशोन्नति ग्रुप ज्वाइन कर चुके हैं।
इस बीच, नई सूचना यह भी है कि एसएन विनोद के जाने के बाद आने वाले भोजपुरी चैनल गंगा का नया हेड कामना प्रसाद को बनाया गया है। वे ही अब भोजपुरी चैनल की टीम बनाएंगी और इसकी लांचिंग कराएंगी।











