Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

टीवी

ऐसे ही तो बनते हैं आधुनिक सेलेब्रिटी !

इससे पहले आप भड़ास4मीडिया पर पढ़ चुके हैं- तो ये है मतंग-मनोरंजना में जंग की वजह! 

matang and manoranjnaअब इसके आगे। कुछ और नए खुलासे। सभी संकेतों-कड़ियों-कहानियों को जोड़ते जाएं। तैयार मिलेगा एकता कपूर मार्का संपूर्ण मसालों से भरपूर एक सुपरहिट सुपर क्लास फेमिली सीरियल। इसमें है- प्रेम विवाह के घृणा विवाह तक पहुंचने की दास्तान। एक दूसरे पर जान छिड़कने से लेकर एक दूसरे को नष्ट करने की कथा। संपत्ति बनाने-बचाने और हड़पने की कूटनीति। जायज और नाजायज रिश्ते। जान देने-लेने की कवायद। मोहब्बत-अदावत। बिजनेस-व्यवसाय। कंपनी-कानून। टीवी-रेडियो। कोर्ट-कचहरी। चेले-चंपू। दिल्ली-लंदन। दारु-दवा। दांव-पेंच। जासूसी-मुखबिरी। इमोशन-सस्पेंस। ….सब कुछ तो है इसमें। तो पेश है, रीयल फेमिली ड्रामा। 

इससे पहले आप भड़ास4मीडिया पर पढ़ चुके हैं- तो ये है मतंग-मनोरंजना में जंग की वजह! 

matang and manoranjnaअब इसके आगे। कुछ और नए खुलासे। सभी संकेतों-कड़ियों-कहानियों को जोड़ते जाएं। तैयार मिलेगा एकता कपूर मार्का संपूर्ण मसालों से भरपूर एक सुपरहिट सुपर क्लास फेमिली सीरियल। इसमें है- प्रेम विवाह के घृणा विवाह तक पहुंचने की दास्तान। एक दूसरे पर जान छिड़कने से लेकर एक दूसरे को नष्ट करने की कथा। संपत्ति बनाने-बचाने और हड़पने की कूटनीति। जायज और नाजायज रिश्ते। जान देने-लेने की कवायद। मोहब्बत-अदावत। बिजनेस-व्यवसाय। कंपनी-कानून। टीवी-रेडियो। कोर्ट-कचहरी। चेले-चंपू। दिल्ली-लंदन। दारु-दवा। दांव-पेंच। जासूसी-मुखबिरी। इमोशन-सस्पेंस। ….सब कुछ तो है इसमें। तो पेश है, रीयल फेमिली ड्रामा। 

ड्रामे के जितने भी डायलाग हैं, वो उसी मूल स्क्रिप्ट से लिए गए हैं जो भड़ास4मीडिया टीम ने हासिल किए हैं।


क्या मनोरंजना दूसरी शादी करने के मूड में हैं? अब तक उपलब्ध सुबूतों, दस्तावेजों और जानकारियों के आधार पर इसका जवाब दिया जाए तो कहा जा सकता है कि हां, कर सकती हैं। पर इससे पहले उन्हें काफी लंबा सफर तय करना है। वर्तमान पति मतंग सिंह से तलाक लेना होगा। मतंग की दौलत में बंटवारे की लड़ाई लड़नी होगी। मनोरंजना इस एजेंडे पर काम भी कर रही हैं और इसके लिए जंग शुरू कर चुकी हैं। इस जंग में उनका साथ दे रहे हैं उनके भावी पति, जो इन दिनों के उनके गहरे दोस्त हैं, और ये हैं गुवाहाटी के एक शीर्ष पुलिस अधिकारी।  इस नए प्रेम संबंध का खुलासा गुवाहाटी में स्थानीय मीडिया ने बहुत पहले कर दिया। इससे जुड़ी खबरें वहां खूब छप रही हैं और दिखाई जा रही हैं।

भड़ास4मीडिया को मिले दस्तावेज और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार देर रात एक फ्लैट में मिलने और तड़के निकलने की वीडिया रिकार्डिंग भी गुवाहाटी की मीडिया के पास है। ये टेप अब मतंग के हाथों तक पहुंच चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि इस रिश्ते के प्रकाश में आने के बाद मतंग सिंह ने मनोरंजना को मनाने की काफी कोशिशें कीं पर जिद्दी और अपने धुन की धनी मनोरंजना राजी न हुईं। उन्होंने दो टूक कह दिया कि जिस राह पर वो बढ़ चलीं हैं, उससे वापस लौटना संभव नहीं। वो अपनी मर्जी की मालिक खुद हैं। इसी के बाद शुरू हुआ सारा खेल।

मतंग सिंह मनोरंजना को कंपनी से बाहर करने के साथ अब उन्हें संपत्ति से बेदखल करने की तैयारी में हैं। सूत्रों का कहना है कि मतंग राजनीति के दबंग खिलाड़ी रहे हैं और वे अपनी संपत्ति यूं ही नहीं जाने देना चाहेंगे। मामला कोर्ट में है, इसलिए वे आजकल कानून के जानकारों के साथ लंबी-लंबी बैठकें कर रहे हैं। वहीं, मतंग खेमा अब कहता घूम रहा है कि मनोरंजना बहुत पहले से मतंग की संपत्ति पर कब्जा करने की रणनीति बनाए हुए थीं और ‘सरल हृदय’ मतंग पिछले कुछ दिनों तक उनके प्रेम जाल, आश्वासनों, कसमों-वादों में फंसते रहे। बाद में वे सब देख-सुन कर भी इसलिए चुप थे ताकि मामला घर से बाहर न जाए।

मतंग खेमे के मुताबिक मनोरंजना ने मतंग सिंह को काफी झटके दिए हैं। मतंग को करोड़ों रुपये की चपत कई बार लगी। बताते हैं कि 2002 में एशियन एज की फ्रेंचाइजी गुवाहाटी में मतंग सिंह ने ली और इसका काम देखने के लिए मनोरंजना और उनके पिता को लगाया। पर गुस्सैल मनोरंजना एशियन एज के तत्कालीन मैनेजिंग एडीटर एमजे अकबर से उलझ पड़ीं। विवाद इतना बढ़ा कि अंततः एशियन एज को गुवाहाटी में बंद करना पड़ा। बदले में करोड़ों रुपये की भरपाई मतंग सिंह को करनी पड़ी। ऐसे ही कई और प्रकरण हैं।

मतंग सिंह खेमा अब मनोरंजना और उनके परिजनों द्वारा कंपनी में की गईं आर्थिक गड़बड़ियों की फाइलें तैयार करवा रहा है। अगर इनकी बात और दस्तावेजों पर भरोसा करें तो मनोरंजना कंपनी के पैसे परिजनों के हवाले करती रहीं। इन सारी फाइलों के जरिए मतंग सिंह खेमा खुद को कोर्ट की लड़ाई में मजबूत रखना चाहता है। घपले, घोटाले व आचरण के सुबूतों के जरिए कोर्ट में साबित करने की कोशिश होगी कि मनोरंजना जो कुछ कर रही हैं वो सब पहले से प्लांड था। 

ऐसा नहीं है कि मतंग सिंह ने पहली बार मनोरंजना को कंपनी से बाहर किया है। इसके पहले 2005 में मनोरंजना को एनईटीवी की मूल कंपनी से निकाल चुके हैं। बताते हैं कि 2004 में नार्थ ईस्ट का पहला सैटेलाइट चैनल एनईटीवी लांच करने वाली कंपनी में मतंग ने मनोरंजना को 10 प्रतिशत की हिस्सेदारी दी थी। बाद में मतंग को लीवर ट्रांसप्लांटेशन के लिए लंदन ले जाकर आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। तब मतंग कोमा में थे और मनोरंजना भारत लौट आईं। अगले साल 2005 में मतंग जब इलाज के बाद भारत लौटे तो उन्हें मनोरंजना की उन गतिविधियों के बारे में पता चला जिनसे पति-पत्नी के रिश्ते पर चोट पहुंचती थी। इससे आहत मतंग ने मनोरंजना को तब कंपनी से निकाल दिया।

सूत्रों का कहना है कि कंपनी से निकाले जाने के बाद मनोरंजना ने गुवाहाटी के लैंडमार्क होटल में शराब पीने के बाद नींद की गोलियां खा लीं। जब सुसाइड करने की बात कहते हुए शोर मचाने लगीं तो होटल के स्टाफ ने उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया। इस मामले में मनोरंजना पर पुलिस केस भी दर्ज है। भविष्य में अच्छे आचरण का आश्वासन देने पर मतंग ने 2006 में मनोरंजना को कंपनी में वापस ले लिया। हालांकि इसके छह महीने बाद भी एक सिंगर का नाम मनोरंजना के साथ जुड़ा और पति-पत्नी के बीच रिश्ते में खटास फिर शुरू हो गई।

पुलिस अधिकारी द्वारा मनोरंजना को भेजे गए अंतरंग एसएमएस का ब्योरा मतंग सिंह खेमा इकट्ठा करा चुका है। देर रात तक दोनों में होने वाली लंबी बातचीत के काल डिटेल और टेप भी हासिल किए जा चुके हैं। और भी कई तरह के टेप मतंग के हाथों लगे हैं जिनका जिक्र यहां किया जाना पत्रकारीय मर्यादा का उल्लंघन होगा। मतंग ने ये सारे सुबूत अपने ससुर और साले को दिखाए। बताते हैं कि मतंग सिंह को उस समय निराश होना पड़ा जब मनोरंजना के पिता ने 21वीं सदी का हवाला देते हुए हर गतिविधि पर नजर न रखने की सलाह दे डाली। तब भी मामले को घर के अंदर रखने की कोशिश की गई। इस बीच मनोरंजना दिल्ली में नए लांच किए जाने वाले टीवी न्यूज चैनलों की कंपनी में अपने पिता और भाई को शामिल करने पर जोर देने लगीं। मतंग सिंह ने सारी स्थितियों को देखते हुए ऐसा करने से इनकार कर दिया। 

अब एक पुलिस अधिकारी के साथ मनोरंजना का नाम जुड़ने और इसके प्रमाण मतंग को मिलने के बाद फिर से महाभारत खड़ा हो चुका है। मनोरंजना भी मतंग से जंग के मूड में आ गई हैं। उन्होंने मतंग पर कई तरह के केस दर्ज करा दिए हैं। मतंग भी अब जवाबी कार्रवाइयां तेज करते हुए कई तरह के केस मनोरंजना पर दर्ज करा चुके हैं। पिछले दिनों फोकस टीवी की 9 महिला पत्रकारों और सीनियर एडीटर कुमार राकेश ने अभद्र आचरण का आरोप लगाते हुए मनोरंजना पर नोएडा में केस दर्ज करा दिया। इस सिलसिले में नोएडा पुलिस सक्रिय भी हो चुकी है और मनोरंजना के परिजनों के घर पर कई बार जा चुकी है पर वहां कोई नहीं मिला।

सूत्रों का कहना है कि अतीत में मनोरंजना की गाड़ी पर फायरिंग का मामला भी हो चुका है। इस मामले की जांच हुई तो पुलिस ने इसे प्लांटेड गोलीकांड करार दिया। मतंग सिंह और मनोरंजना में अंतिम बार बातचीत गुवाहाटी में 17 सितंबर को हुई। सूत्रों का कहना है कि इस बातचीत में मनोरंजना ने साफ कर दिया कि वो जो कर रही हैं, उससे पीछे नहीं हटेंगी। इसी के बाद से पति-पत्नी एक दूसरे से घृणा के रास्ते पर चल पड़े। मनोरंजना ने कोर्ट में केस करके नए चैनलों की लांचिंग रोकने और गुजारे के लिए लाखों रुपये प्रति महीने देने की मांग कर दी है। इसके अलावा उन्होंने मतंग द्वारा खुद को सेक्सुअली, फिजिकली, मेंटली व इकानामिकली परेशान करने की बात भी कही है। इससे पहले उन्होंने गुवाहाटी हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर मतंग पर कई आरोप लगाए। कोर्ट ने इन आरोपों की जांच के आदेश दिए।

उधर, मनोरंजना के पिता अपनी बेटी के पत्रकार होने के चलते दबंग राजनेता मतंग सिंह द्वारा परेशान किए जाने की बाबत मेल भेजो अभियान चलाए हुए हैं। इसके जरिए कोशिश है कि एक तो महिला और दूजे पत्रकार होने से मनोरंजना के पक्ष में जनभावनाओं की गोलबंदी की जाए। पर इसमें सफलता मिलने की उम्मीद कम दिख रही है। वजह, मनोरंजना ने अपने व्यवहार और आचरण से गुवाहाटी से लेकर नोएडा तक में मीडिया मालिकों और पत्रकारों को विरोधी बना लिया है। गुवाहाटी में पत्रकारों के एक संगठन ने मनोरंजना के बर्ताव से नाराज होकर उनके बहिष्कार का आह्वान किया हुआ है। नोएडा में फोकस चैनल की महिला पत्रकार मनोरंजना के खिलाफ उठ खड़ी हुई हैं और बुरे बर्ताव का मुकदमा दर्ज करा रखा है। एफआईआर में इन महिला पत्रकारों ने उन वाक्यों को लिखा है जो मनोरंजना उन्हें बोलती रहीं हैं। मनोरंजना के बर्ताव से दुखी गुवाहाटी के अखबारों और चैनलों ने उनसे बदला लेने के क्रम में उनसे जुड़े कई मसाले और खुलासे छापने और दिखाने में जुटे हैं। इससे खफा मनोरंजना ने एक पत्रकार को धमकी तक दे डाली और एक पर कोर्ट केस भी कर दिया है। नोएडा में फोकस टीवी के एक वरिष्ठ पत्रकार, जो खुद भी मनोरंजना के कोप के शिकार हो चुके हैं, नाम न छापने की शर्त पर कहते हैं कि अब मनोरंजना के दिन लदने वाले हैं। उनके पीछे पुलिस पड़ चुकी है। वे लोग छिपते फिर रहे हैं। अभी देखिए, आगे क्या-क्या होता है। 

भड़ास4मीडिया ने जब मतंग सिंह से इस बारे में बात की तो उनका कहना था कि वे बहुत आहत हैं। इस मामले में अब कहने के लिए कुछ बचा नहीं है। उन्हें जिंदगी में पहली बार इतना बड़ा भावनात्मक झटका लगा है। अब चुप बैठने का वक्त खत्म हो चुका है। उन्होंने इस पूरे मामले पर आगे कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। भड़ास4मीडिया की तरफ से बार-बार फोन किए जाने के बाद भी मनोरंजना ने फोन नहीं रिसीव किया। जब उन्हें एसएमएस से सूचित किया गया कि उनसे संबंधित एक खबर में उनका वर्जन चाहिए तो उन्होंने बाद में फोन करने का जवाबी एसएमएस भेजा। पर 12 घंटे बीतने के बाद भी उनका फोन नहीं आया।

कुल मिलाकर पति-पत्नी के बीच जंग अब ऐसी स्थिति में पहुंच गई है जहां दोनों पक्ष तरह-तरह के आरोप और प्रत्यारोप एक दूसरे पर लगा रहे हैं लेकिन अंदरखाने दोनों ही पक्ष कोर्ट में अपनी स्थिति मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं। पर कुछ अहम सवाल जरूर हैं- 

  • जिस पुलिस अधिकारी से संबंध को लेकर पति-पत्नी में बवाल शुरू हुआ, कोर्ट के फैसले के बाद मनोरंजना उससे शादी करेंगी या नहीं?
  • क्या मनोरंजना मतंग की संपत्ति में आधे का हिस्सा लेने का मुकदमा कोर्ट में जीत पाएंगी?
  • मतंग-मनोरंजना की प्रेम कहानी में जो यह तूफान आया है उसमें किसका ज्यादा नुकसान होगा और किस तरह का नुकसान होगा? 

इन सवालों के उत्तर कोर्ट के फैसले के बाद ही मिल सकेगा। तब तक मीडिया जगत में मतंग-मनोरंजान प्रकरण के कई तरह के किस्से चटकारे लेकर सुनाए जाते रहेंगे। पर इतना तो तय है कि इस विवाद से मतंग-मनोरंजना दोनों ही मीडिया के अंदर-बाहर सुर्खियां बटोर रहे हैं। ऐसे ही तो बनते हैं आधुनिक सेलेब !!!


इस प्रकरण पर आपको कुछ कहना है तो आप अपनी राय, प्रतिवाद, सुझाव [email protected] पर दे सकते हैं।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास तक खबर सूचनाएं जानकारियां मेल करें : [email protected]

भड़ास के वाट्सअप चैनल से जुड़ें और नवीनतम खबरें पाएं : Bhadas Whatsapp

भड़ास लीगल टीम : किसी किस्म की लीगल हेल्प के लिए संपर्क करें- Bhadas Legal Team

You May Also Like

Uncategorized

भड़ास4मीडिया डॉट कॉम तक अगर मीडिया जगत की कोई हलचल, सूचना, जानकारी पहुंचाना चाहते हैं तो आपका स्वागत है. इस पोर्टल के लिए भेजी...

Uncategorized

भड़ास4मीडिया का मकसद किसी भी मीडियाकर्मी या मीडिया संस्थान को नुकसान पहुंचाना कतई नहीं है। हम मीडिया के अंदर की गतिविधियों और हलचल-हालचाल को...

हलचल

[caption id="attachment_15260" align="alignleft"]बी4एम की मोबाइल सेवा की शुरुआत करते पत्रकार जरनैल सिंह.[/caption]मीडिया की खबरों का पर्याय बन चुका भड़ास4मीडिया (बी4एम) अब नए चरण में...

Uncategorized

मीडिया से जुड़ी सूचनाओं, खबरों, विश्लेषण, बहस के लिए मीडिया जगत में सबसे विश्वसनीय और चर्चित नाम है भड़ास4मीडिया. कम अवधि में इस पोर्टल...