नई टिहरी शहर के पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि मिनिस्टीरियल संवर्ग के हड़ताली कर्मचारियों द्वारा यहां मीडिया कार्यालयों पर हमला किया गया। जिसके विरोध में पत्रकारों ने मुख्य चौराहे पर सांकेतिक जाम लगाया और जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की मांग की।
मिनिस्टीरियल कर्मियों ने मंगलवार को यहां मीडिया कार्यालयों पर हमलाकर पत्रकारों को धमकियां दीं। कर्मचारियों ने समाचार पत्रों की होली जलाने तथा पत्रकारों को सबक सिखाने की चेतावनी देते हुए धक्का-मुक्की की। कर्मचारियों ने समाचार पत्र कार्यालयों पर घुसकर जबरदस्त नारेबाजी की और मीडिया पर अभद्र शब्दों का प्रयोग किया। इस पर नाराज पत्रकारों ने मुख्य चौराहे पर सांकेतिक जाम लगाया। इसके बाद पत्रकार जिलाधिकारी से मिले और उन्हें घटना की पूरी जानकारी देते हुए ज्ञापन दिया।