वरिष्ठ पत्रकार और ‘अहा जिंदगी’ मैग्जीन के चीफ एडिटर यशवंत व्यास को तिलक-जोशी सम्मान देने की घोषणा की गई है। यह पुरस्कार बीकानेर की ‘मुक्ति’ संस्था की ओर से 24 दिसंबर को प्रदान किया जाएगा। इस पुरस्कार के तहते उन्हें पांच हजार रुपये, स्मृति चिन्ह, सम्मान पत्र और शाल दिया जाएगा। भास्कर समूह की मैग्जीन ‘अहा जिंदगी’ अपने शानदार कंटेंट के लिए विख्यात है और इसका श्रेय यशवंत व्यास को जाता है। यशवंत व्यास को कई सम्मान पहले भी मिल चुके हैं।
जर्नलिस्ट एसोसिएशन आफ इंडिया ने अपने सालाना समारोह में आईबीएन7 के एक्जीक्यूटिव एडिटर प्रबल प्रताप सिंह को ‘मोस्ट एडवेंचरस जर्नलिस्ट’ का एवार्ड दिया है। आजतक में लंबे समय तक काम कर चुके प्रबल प्रताप कई युद्धों और विवादों को मौके पर जाकर साहसिक तरीके से कवर करने के कारण मशहूर हुए। प्रबल को पुरस्कार दिल्ली में आयोजित एक समारोह में आस्कर फर्नांडिस ने प्रदान किया।
राजस्थान के मीडियाकर्मियों को दिए जाने वाले माणक अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा हो चुकी है। पत्रकारिता के लिए यह पुरस्कार राजस्थान पत्रिका, श्रीगंगानगर संस्करण के चीफ सब एडिटर राजकुमार जैन को मिलेगा। उन्हें 21 हजार रुपये नगद दिए जाएंगे। ईटीवी, राजस्थान के कार्टूनिस्ट अभिजीत को श्रेष्ठ फोटोग्राफर और कार्टूनिस्ट कैटगरी का पुरस्कार मिलेगा। केंद्रीय रक्षा अनुसंधान संस्थान के पीआरओ बहादुर सिंह सांखला को श्रेष्ठ जनसंपर्क कर्मी का एवार्ड मिलेगा। विजेताओं को गांधी जयंती के दिन पुरस्कृत किया जाएगा। मानक अलंकरण पुरस्कार दैनिक जलते दीप के संस्थापक माणक मेहता की स्मृति में हर साल दिया जाता है।