रॉक शो के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप : दैनिक भास्कर, श्रीगंगानगर (राजस्थान) संस्करण एक बार फिर विवादों में है। पुरानी आबादी पुलिस थाना ने इस संस्करण के कार्यकारी संपादक कीर्ति राणा, ब्रांच मैनेजर राजेश गिल्होत्रा, कांग्रेसी नेता राजेंद्र सोनी और आयोजक राकेश सिंगल के खिलाफ धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए है। बताया जाता है कि धोखाधड़ी के इस मामले की जांच दैनिक भास्कर, राजस्थान के सीईओ मनोज अग्रवाल भी कर रहे हैं। ये मुकदमें श्रीगंगानगर की ड्रीम्ज क्रिएशन एवं दैनिक भास्कर के मीडिया पार्टनरशिप में सैटरडे नाइट रॉक शो के आयोजन के संबंध में है। 112 जवाहर मार्केट स्थित एक संस्था ड्रीम्ज क्रिएशन एवं दैनिक भास्कर की पार्टनरशिप में महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में 25 जुलाई की शाम को छह बजे से रात 12 बजे तक कार्यक्रम का आयोजन रखा गया था, लेकिन यह कार्यक्रम नहीं हो पाया।
आरोप है कि अखबार के माध्यम से इसका प्रचार-प्रसार किया गया और इसी के चलते लोगों ने हजारों रुपए की टिकटें खरीदी। मौके पर कई घंटों के इंतजार के बाद भी कार्यक्रम शुरू नहीं हुआ। स्टेडियम में माकूल व्यवस्था भी नहीं थी। यहां खूब हंगामा हुआ और लोग हजारों रुपए की टिकटें खरीद कर ठगी के शिकार हुए। इस मामले में एक दूसरे मुकदमे के तहत कोतवाली पुलिस ने आयोजक टीम में शामिल राकेश सिंगल को गिरफ्तार किया था। कीर्ति राणा, राजेश गिल्होत्रा तथा राजेंद्र सोनी के खिलाफ न्यायालय में इस्तगासा दायर होने के बाद न्यायाधीश ने सदर थाना पुलिस को मुकदमे के आदेश दिए थे। सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज तो किया पर बाद में राजनीतिक दबाव के चलते एफआर लगा दी। यह मामला पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचा तो उन्होंने पुरानी आबादी पुलिस को एफआईआर के आदेश दिए। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दर्ज हुए इन मुकदमों में पुरानी आबादी पुलिस ने जांच शुरू कर संबंधित लोगों के बयान लेने शुरू कर दिए हैं।











