भाजपा सांसद सुमित्रा महाजन ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दिल्ली के पत्रकारों को मालवा के प्रसिद्ध लोक व्यंजन ‘दाल-बाफना’ का भोज दिया। ‘ताई’ नाम से मशहूर सुमित्रा महाजन के दिल्ली स्थित आवास पर बीते दिनों आयोजित इस भोज के मौके पर विभिन्न मीडिया हाउसों के लगभग 250 पत्रकारों ने शिरकत किया। सुमित्रा महाजन ने इस भोज की परंपरा इंदौर में शुरू की थी। उसी तर्ज पर अब इसे बसंत के आगमन के मौके पर हर साल दिल्ली में भी आयोजित किया जाने लगा है।
अबकी समारोह में भाजपा नेत्री सुषमा स्वराज एवं प्रभात झा भी मौजूद थे। इस वर्ष इंदौर से ताल्लुक रखने वाले दो पत्रकारों को पद्म पुरस्कार मिलने के कारण भोज के अवसर पर एक संक्षिप्त सम्मान समारोह भी आयोजित हुआ। इसमें पद्म पुरस्कारों से विभूषित ‘नई दुनिया’ ग्रुप के चेयरमैन अभय छजलानी एवं इसी अखबार के ग्रुप एडिटर आलोक मेहता को सुमित्रा महाजन ने अपने हाथों से सम्मानित किया। भोज के बाद भाजपा सांसद ने सभी पत्रकारों को पुस्तक देकर विदा किया। भोज कार्यक्रम में मीडिया की कई जानी-मानी हस्तियां पहुंचीं। इनमें चंदन मित्रा, राहुल देव, शाजी जमां, मिलिंद खांडेकर, नलिनी सिंह के अलावा तरुण विनय, अशोक वानखेड़े, कुमार राकेश, यशवंत सिंह आदि शामिल थे।