राजस्थान में एक और आईएएस ने मीडिया के फील्ड में कदम बढ़ा दिया है। इनका नाम है महेंद्र सुराणा। सूत्रों का कहना है कि ये दैनिक भास्कर, राजस्थान के संपादकीय सलाहकार बनाए गए हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि प्रबंधन इन्हें मैनेजिंग एडिटर का भी पद दे सकता है। बताया जाता है कि सुराणा दिल्ली में बैठ रहे भास्कर समूह के निदेशक भरत अग्रवाल को रिपोर्ट करेंगे। महेंद्र सुराणा राजस्थान कैडर के आईएएस रहे हैं और उन्होंने प्रदेश में विभिन्न शीर्ष प्रशासनिक पदों पर काम किया हुआ है। सुराणा को मीडिया फ्रेंडली और मीडिया प्रेमी माना जाता है। वे कई वर्षों से दूरदर्शन के लिए कार्यक्रम करते थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने औपचारिक तौर पर दैनिक भास्कर ज्वाइन कर लिया है। उन्हें काफी अच्छे पैकेज पर लाया गया है।
सूत्रों का कहना है कि भास्कर प्रबंधन महेंद्र सुराणा के प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक हलके में गहरी पैठ का लाभ उठाएगा। सत्ता और सरकार से सुराणा की नजदीकी का फायदा भास्कर को कई रूपों में मिलने की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान में जगदीश चंद्र अरोड़ा उर्फ जगदीश कातिल ने आईएएस की नौकरी से वीआरएस लेने के बाद ईटीवी के बैनर तले मीडिया की पारी की शुरुआत की। वे करीबन सवा साल से ईटीवी के सभी हिंदी न्यूज चैनलों के मुखिया हैं। जगदीश कातिल की मीडिया की सफल पारी ने दूसरे नौकरशाहों को भी इस ओर आने के लिए प्रेरित किया और अब महेंद्र सुराणा ने भास्कर से जुड़कर संकेत दे दिया है कि हिंदी मीडिया में नौकरशाहों के खुले घुसपैठ का एक नया ट्रेंड व दौर विकसित हो चला है।