अमित बरुआ ने ब्रिटिश ब्राडकास्टिंग कारपोरेशन (बीबीसी) के साथ नई पारी शुरू की है। वे बीबीसी के सर्विस हेड (इंडिया) पद पर नियुक्त किए गए हैं। अमित बरुआ इससे पहले लंबे समय तक हिंदुस्तान टाइम्स के साथ जुड़े रहे। वे एचटी के लिए डिप्लोमेटिक एडिटर के रूप में काम कर चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि अमित के बीबीसी से जुड़ने के बाद बीबीसी की हिंदी रेडियो सेवा के इंडिया हेड संजीव श्रीवास्तव को दिक्कत हो सकती है।
संजीव वर्ष 2006 से बीबीसी हिंदी रेडियो के साथ हैं। वे करेस्पांडेंट के रूप में जुड़े और बीबीसी हिंदी की आंतरिक राजनीति में सभी को मात देकर इंडिया हेड की कुर्सी तक पहुंच गए। अमित बरुआ के आने से संजीव श्रीवास्तव की कुर्सी को खतरा बताया जा रहा है। अमित की नियुक्ति के पीछे नाजिश अफरोज का हाथ है जो बीबीसी के एशिया परिक्षेत्र के निदेशक हैं। सूत्रों का कहना है कि नाजिश और संजीव के बीच छत्तीस का आंकड़ा होने के कारण नाजिश ने इंडिया हेड के पैरलल सर्विस हेड नामक पद क्रिएट कर उस पर अपने आदमी अमित बरुआ को बिठा दिया है। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में बीबीसी हिंदी में कई उलटफेर हो सकते हैं।