फिर एक पत्रकार को कलम उठाने की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। घटना बिहार के समस्तीपुर जिले की है। यहां रोसड़ा ब्लाक के संवाददाता विकास रंजन की अपराधियों ने मंगलवार की शाम गोली मारकर हत्या कर दी। रंजन की हत्या तब की गई जब वे आफिस से निकलकर किसी खबर पर काम करने के लिए जाने वाले थे। पुलिस, नेता, ठेकेदार व अपराधी गठजोड़ की पोल खोलने वाली खबरें लिखते रहने वाले विकास रंजन इलाके में अपने तेवरदार रिपोर्टिंग के लिए विख्यात थे। उन्हें कई बार धमकियां भी मिलीं पर वे कभी झुके नहीं। उन्होंने अपराधियों द्वारा दी जाने वाले धमकियों की सूचना पुलिस के बड़े अधिकारियों को भी दी थी। बताया जाता है कि विकास रंजन आफिस से निकलने के बाद ज्योंही अपनी बाइक के पास पहुंचे, घात लगाए तीन बदमाशों ने उनके सिर पर नजदीक से गोली मार दी।
उसके बाद वे हवा में फायरिंग करते हुए भाग निकले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। विकास रंजन की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि उनकी हत्या की खबर सुनते ही अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई और लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विकास रंजन के हत्यारों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हत्यारों को स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलाई जाएगी।
भड़ास4मीडिया अपने जुझारू पत्रकार साथी विकास रंजन को श्रद्धांजलि अर्पित करता है। विकास रंजन ने स्वस्थ पत्रकारिता की परंपरा को जिंदा रखने के लिए अपने प्राणों की बलि दी है। शहादत दी है। वे देश-दुनिया के लाखों तेवरदार पत्रकारों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे।











