राजर्षि नारद की जयंती पर कोलकाता में बीते रविवार को पत्रकारों के हितों की रक्षा करने के लक्ष्य के साथ ”कोलकाता पत्रकार मंच” के गठन की पहल की गई। बड़ाबाजार स्थित राजस्थान ब्राह्मण संघ के भवन में आयोजित बैठक में इसे मूर्त रूप देने पर चर्चा हुई। इस अवसर पर हिंदी पत्र-पत्रिकाओं से जुड़े पत्रकार एवं छायाकार उपस्थित हुए।
इस संगठन के उद्देश्यों में पत्रकारों की आर्थिक मदद के लिए कोष गठित करना, पत्रकारिता पेशे से जुड़े शोध-अनुसंधानों से परिचित कराने के लिए समय-समय पर कार्यशाला आयोजित करना, आपसी मेल-जोल बढ़ाना, सामाजिक कार्यों में भूमिका बढ़ाना आदि शामिल है। आने वाले समय में संगठन के क्रियाकलापों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। प्रारंभिक तौर पर एक तदर्थ कमेटी का गठन किया गया है, जिसके संरक्षक सदस्यों में वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश चंडालिया, ओमप्रकाश अश्क, संजय हरलालका और तारकेश्वर मिश्रा हैं।











