जयपुर में सूने मकानों में चोरी का सिलसिला थमा नहीं है। प्रताप नगर इलाके में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के मीडिया सलाहकार के सूने मकान में सेंध लगा दी और नकदी व जेवर चुराकर ले गए। इस संबंध में रविवार दोपहर को प्रताप नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस के मुताबिक चोरी की वारदात सेक्टर 116 निवासी महेंद्र भारद्वाज के सूने मकान में हुई। वह पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के मीडिया सलाहकार है। शुक्रवार को महेंद्र अपने परिजनों के साथ मकान के ताले लगाकर टोंक जिले में देवली निवासी अपने भांजे की शादी में शामिल होने गए थे।
रविवार सुबह 8:30 बजे पड़ौसी कर्नल ए.एस. राणावत की पत्नी ने महेंद्र को मोबाइल फोन पर उनके मकान के गेट की कुंदी व ताले टूटे होने की सूचना दी। इस पर दोपहर करीब 12:30 बजे महेंद्र अपने घर पहुंचे। उधर, जानकारी मिलने पर प्रताप नगर थानाप्रभारी मनीष चारण घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक मकान के दरवाजे के बाहर अखबार पड़े थे। संभवतया चोरों ने मकान सूना पाकर पहले खिड़की तोड़कर मकान के भीतर घुसने का प्रयास किया। इसमें असफल होने पर चोर मकान की दीवार फांदकर अंदर घुस गए और दरवाजे की कुंदी व ताले तोड़कर भीतर घुस गए। महेंद्र के मुताबिक चोरों ने कमरे में रखा सामान बिखेरकर वहां रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया। इसकी दराज में 1 लाख नकद व करीब 5 तोले सोने व आधा किलो चांदी के जेवर रखे थे। जिन्हें चोर समेटकर ले गए। इसके अलावा चोर कमरे में रखी विदेशी परफ्यूम की 8 बोतलों सहित अन्य घरेलू सामान भी ले गए। प्रताप नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। (दैनिक भास्कर में विष्णु शर्मा की रिपोर्ट)