आन्ध्र प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने शनिवार को तिरुपति में पत्रकारों की जम कर लानत-मलामत की और वे पत्रकारों के सवालों से क्षुब्ध होकर तेलुगु में बोल पड़े- “पुरुगुलू पदिपोतारू” यानि तुम लोग कीड़े पड़ने से मरोगे। पुलिस महानिदेशक एसएसपी यादव भगवान श्री बालाजी को सुरक्षा देने के नाम पर ऑक्टोपस की तैनाती के सिलसिले में बारह सितम्बर को पूरे फॉर्म और यूनिफोर्म में थे। पत्रकारों ने उनसे मुख्यमंत्री डॉ. रेड्डी की हवाई दुर्घटना के मामले में सवाल पूछे थे।
उन्होंने चिढ़ कर कहा कि जो बात सरकार उनसे नहीं पूछती, उसमें वे अपनी नाक क्यों घुसेड़ते हैं? डीजीपी एसएसपी यादव ने कहा कि अमेरिका में विमान हादसे में 300 से ज्यादा लोग मारे गए और एक भी लाश नहीं मिली, लेकिन वहां कोई हंगामा नहीं हुआ लेकिन यहां 5 लोग मरे और आप लोग हंगामा खड़ा किये हुए हैं। डीजीपी के चिढ़ने का एक कारण यह भी है कि हादसे के शिकार डॉ. रेड्डी के जीवित रहते श्री यादव के ट्रान्सफर की खबरें मीडिया में छपतीं रहीं हैं। विमान हादसे के बाद डीजीपी के तबादले की ख़बरों को बल मिला है।











