16 पेज के साप्ताहिक अखबार और 48 पेज की पत्रिका के रूप में ‘संडे नईदुनिया’ का प्रकाशन आज से पांच राज्यों की राजधानियों- लखनऊ, चंडीगढ़, पटना, देहरादून और जयपुर से भी होने लगा है। इसका प्रथम लोकार्पण दिल्ली-एनसीआर में किया गया था। यह पत्रिका जल्द ही रांची और मुंबई से भी प्रकाशित होगी। उल्लेखनीय है कि नई दुनिया ग्रुप मंदी में भी अपना विस्तार अभियान जारी रखे हुए है। कुछ महीनों पहले नई दिल्ली से नई दुनिया अखबार की लांचिंग हुई।
उसी समय संडे नईदुनिया के कई शहरों से लांच करने घोषणा की गई थी। इस ग्रुप ने ‘संडे नईदुनिया’ के रूप में मैग्जीन और साप्ताहिक अखबार को आज पांच राज्यों की राजधानियों से लांच कर दिया है। दिल्ली को मिला लें तो यह अब कुल छह बड़े शहरों के पाठकों के हाथों में पहुंच चुका है। कंपनी के मुताबिक संडे नई दुनिया सामान्य अखबारों से हटकर विशेष खोजपूर्ण खबरों से भरा हुआ है। अखबारों की दुनिया में साप्ताहिक अखबार के साथ पत्रिका का यह अनूठा प्रयोग है। छह जगहों से संडे नई दुनिया के प्रकाशन के साथ इसकी प्रसार संख्या का लक्ष्य करीब तीन लाख रखा गया है। नई दुनिया अखबार के प्रधान संपादक आलोक मेहता हैं जबिक संडे नई दुनिया विष्णु नागर के नेतृत्व में निकल रहा है।