दैनिक हिंदुस्तान, दिल्ली के दिग्गजों की जबरन विदाई का क्रम आज भी जारी रहा। कल जो लोग आफिस नहीं पहुंच सके थे, उन्हें आज इस्तीफे का पत्र सौंप दिया गया। वरिष्ठ पत्रकार और सीनियर न्यूज एडीटर सुबोध मिश्रा और न्यूज एडीटर इरा झा को कार्यमुक्त कर दिया गया है। सुबोध मिश्रा पीटीआई-भाषा में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं और एचटी ग्रुप के साथ कई वर्षों से जुड़े हुए थे। उन्हें काबिल और जानकार पत्रकार माना जाता है। इरा झा देश की तेज-तर्रार महिला पत्रकारों में शुमार की जाती हैं। आदिवासी और नक्सल मामलों की जानकार इरा ने पत्रकारीय करियर की शुरुआत 1983 में दिल्ली प्रेस से की। बाद में पटना में पाटलिपुत्र टाइम्स और जयपुर में नवभारत टाइम्स के लिए बतौर रिपोर्टर कार्य करती रहीं। नभाटा में उनका ज्यादा समय दिल्ली में बीता।
वे 1985 से 2001 तक नभाटा से जड़ी रहीं और कई तरह के चुनौतीपूर्ण दायित्वों का निर्वाह किया। दैनिक हिंदुस्तान की प्रधान संपादक मृणाल पांडे ने 2003 में उन्हें एचटी ग्रुप से जुड़ने का न्योता भेजा तो इरा झा ने इसे कुबूल किया। तभी से वे इस ग्रुप के साथ जुड़ी हुई थीं। इरा उन शुरुआती और चुनिंदा महिला पत्रकारों में से हैं जिन्होंने अपने समय में रिपोर्टिंग के जरिए और न्यूज रूम को लीड कर सैकड़ों लड़कियों को इस फील्ड में आने और इसकी चुनौतियों को स्वीकारने के लिए प्रेरित किया। दिग्गजों की लगातार विदाई से दैनिक हिंदुस्तान के दिल्ली आफिस के मीडियाकर्मी स्तब्ध हैं। हर शख्स मुंह बंद कर चुपचाप काम करने में जुटा है। सभी को भय है कि कहीं उनकी बारी न आ जाए। सूत्रों का कहना है कि एचटी ग्रुप के नान-एडीटोरियल सेक्शन के कई दिग्गज लोगों पर भी गाज गिरी है। इन लोगों का नाम नहीं पता चल सका है।