अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन आठ मार्च को महिलाओं पर केंद्रित चैनल फोकस टीवी लांच कर दिया जाएगा। इस बात की घोषणा फोकस टीवी की डिप्टी मैनेजिंग एडिटर नीलांजना बनर्जी ने की। उन्होंने बताया कि यह चैनल महिलाओं के सच्चे दोस्त की तरह होगा जो न केवल महिलाओं का मनोरंजन करेगा बल्कि उन्हें दुनिया भर की हलचलों से अवगत कराने के साथ ही उन्हें उनके अधिकारों के बारे में भी जागरूक करेगा और उनकी समस्याओं के समाधान में भी मददगार होगा। चैनल की शुरुआत की घोषणा के लिए शुक्रवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में नीलंजना बनर्जी ने कहा कि यह चैनल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं के लिए उपहार है। उन्होंने बताया कि यह चैनल अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को ध्यान में रखकर शुरू किया जा रहा है।
यह पहला ऐसा निजी चैनल होगा जो बाइलिंगुवल (हिंदी और अंग्रेजी में) होगा। इस चैनल में सोमवार से शुक्रवार तक 60 प्रतिशत सामग्रियां समसामयिक होगी, जिनमें समाचार, समाचार परक विश्लेषण और सूचना आधारित मनोरंजन आधारित सामग्रियां शामिल हैं। यह चैनल नार्थ ईस्ट टेलीविजन समूह की एक परियोजना है और इसे इंसेट दो के जरिये प्रसारित किया जाएगा। यह चैनल प्रमुख डीटीएच एवं केबल नेटवर्को के जरिए उपलब्ध होगा। ज्ञात हो कि पूर्व केंद्रीय मंत्री मतंग सिंह की कंपनी ने पिछले कुछ महीनों में एक के बाद एक कई चैनल लांच किए। इसमें भोजपुरी चैनल हमार टीवी, हैदराबाद से लांच एचवाई टीवी और अब फोकस टीवी।