एक और भक्ति चैनल लांच हो गया है। नाम है ‘दिव्य’। दिव्य ब्राडकास्टिंग नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड की ओर से शुरू किए गए इस चैनल का आफिस चंडीगढ़ में है। इस चैनल को धार्मिक प्रवचनों की बजाय संगीतमय भजनों पर केंद्रित किया गया है। दर्शकों को पटाने के लिए कार्यक्रमों में विविधता रखी गई है। हर दिन अलग-अलग भगवान पर कार्यक्रम होंगे। सोमवार की शुरुआत भगवान शिव से होगी तो मंगलवार का दिन हनुमान जी के लिए आरक्षित है। बुधवार को भगवान गणेश का सहारा रहेगा। धार्मिक स्थानों के बारे में जानकारी, ‘दिव्य यात्रा’ में धार्मिक स्थानों की सैर, एक मिनट का गुरुमंत्र, दादी के नुस्खे जैसे कार्यक्रम भी हैं। धार्मिक कार्यक्रमों के सीधे प्रसारण की भी व्यवस्था की गई है।
लाइव इंडिया से चार गए : शुरू होगी नेट यात्रा : आईएनएमसी का शेयर खरीदा याहू ने
लाइव इंडिया से चार लोग चार दिशाओं में गए
लाइव इंडिया न्यूज चैनल के पैनल प्रोड्यूसर जगदीश प्रसाद ने फोकस टीवी में बतौर चीफ पैनल प्रोड्यूसर ज्वाइऩ कर लिया है। लाइव इंडिया से पहले वे जी न्यूज में थे। लाइव इंडिया के ही साउंड इंजीनियर नरेंद्र प्रसाद ने जी ग्रुप के नए रीजनल चैनल जी यूपी में ज्वाइन कर लिया है। एसाइनमेंट डेस्क के प्रभात पांडे ने नई पारी एएनआई के साथ शुरू की है। विजन मिक्सर अर्पित ने लाइव इंडिया को छोड़कर इंडिया टीवी के संग कदम बढ़ा दिया है।
इंटरनेट के प्रति जागरूकता के लिए ‘नेट यात्रा’
नेट के प्रति लोगों को जागरुक करने एवं उन्हें इसके फायदों से अवगत कराने के लिए इंटेल ने नेट यात्रा शुरू किया है। यह घोषणा 19 दिसंबर को चंडीगढ़ में इंटेल कंपनी की तरफ से की गई। कंपनी का लक्ष्य आगामी कुछ महीनों में अस्सी शहरों में जाने का है। कंपनी लोगों के बीच जाकर इंटरनेट से घर बैठे हासिल होने वाली सुविधाओं के बारे में बताएगी। यात्रा विशेष रूप से स्कूल एवं कालेजों में जाएगी। इसके लिए एक बस को खास तौर पर डिजायन किया गया है जो 24 घंटे इंटरनेट की सुविधा से युक्त होगा। कंपनी का मानना है कि इंटरनेट देश के भविष्य को बदलने में सक्षम है। सैकड़ों लोग ऐसे हैं जो इंटरनेट के बारे में कुछ नहीं जानते, न ही इसका इस्तेमाल किया है। कंपनी को उम्मीद है कि नेट यात्रा से वह लोगों को इंटरनेट के फायदे समझा पाएगी।
आईएनएमसी का शेयर खरीदा याहू ने
याहू ने इंफो नेटवर्क मैनेजमेंट कंपनी (आईएनएमसी) का 30 प्रतिशत शेयर खरीद लिया है। चेन्नई मुख्यालय स्थित फोन डायरेक्टरी सर्च सर्विस की इस कंपनी के बोर्ड में अब याहू का भी एक डायरेक्टर होगा। इस प्रक्रिया में कितना पैसा खर्च किया गया है, इसकी घोषणा नहीं हुई है। न तो याहू ने ही यह उल्लेख किया है कि यह कैश डील है या शेयरों की अदला-बदली और न आईएनएमसी ने। आईएनएमएस की स्थापना 1998 में हुई थी। इंडिया स्टूडेंटइंफो.कॉम नाम का इसका एक पोर्टल भी है। टेली इंफारमेशन बिजनेस ‘कॉल चेन्नई’ की शुरुआत कंपनी ने 2005 में की। आईएनएमएस, यूनिकार्ड ग्रुप आफ कंपनी का एक हिस्सा है।











