जी न्यूज लिमिटेड की वरिष्ठ प्रबंधन टीम का नेतृत्व करने वाले सीईओ वरुण दास अब जी इंटरटेनमेंट इंटरप्राइजेज लिमिटेड के मुखिया पुनीत गोयनका को रिपोर्ट करेंगे। वे अभी तक लक्ष्मी नारायण गोयल को रिपोर्ट करते थे। लक्ष्मी नारायण गोयल की भूमिका में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वे कंपनी के मेंटर के तौर पर काम करते रहेंगे। बताया गया है कि तेजी से बदल रहे मीडिया और मनोरंजन उद्योग के इस दौर में दर्शकों की जरूरतों को पूरा करने और उनकी संतुष्टि के स्तर को बढ़ाने के प्रयासों के तहत जी न्यूज लिमिटेड (जीएनएल) ने यह कदम उठाया है। ‘हे’ ग्रुप द्वारा किये गये संगठनात्मक अध्ययन के बाद उसकी अनुशंसाओं के आधार पर यह बदलाव किया गया है। इन अनुशंसाओं के आधार पर जी न्यूज लिमिटेड ने जी इंटरटेनमेंट इंटरप्राइजेज लिमिटेड (जीईईएल) के साथ एक रणनीतिक व्यवस्था की है।
इसके तहत ये दोनों कंपनियां एक दूसरे से महत्वपूर्ण सूचनाओं का आदान-प्रदान करेंगी। ध्यान रहे कि इसी अध्ययन की अनुशंसाओं के आधार पर अक्टूबर महीने में जीईईएल में कई संगठनात्मक बदलाव किये गये थे। वैसे, मीडिया विश्लेषक इस बदलाव के पीछे कंपनी के अंदरखाने चल रही वर्चस्व की लड़ाई को भी एक वजह बताते हैं। उल्लेखनीय है कि अभी बीते रोज ही जी के न्यूज चैनलों के ग्रुप एडीटर वीबी राव ने इस्तीफा दे दिया था। मीडिया से जुड़े लोग इस सबको अलग-अलग घटनाक्रम की बजाय अंदरखाने चल रहे एक बड़े खेल का हिस्सा करार देते हैं। संभावना व्यक्त की जा रही है कि आगे आने वाले दिनों में कुछ नाटकीय घटनाक्रम में जी में घटित हो सकता है।











