कोलकाता से मैथिली भाषा के पहले दैनिक समाचार पत्र का प्रकाशन शुरू हो गया है। इस अखबार का नाम है- ”मिथिला समाद”। लगभग छह करोड़ लोगों के बीच बोली जाने वाली मैथिली भाषा के इस समाचार पत्र का प्रकाशन मिथिलांचल के बाहर रहने वाले मैथिल भाषियों को ध्यान में रखकर किया गया है। कोलकाता में एक सितंबर से शुरू हुए इस समाचार पत्र के मुख्य संपादक ताराकांत झा हैं। समाचार पत्र ”मिथिला समाद” का प्रकाशन भारत मित्र ग्रुप द्वारा किया जा रहा है।
कोलकाता से प्रकाशित होने वाले दैनिक समाचार पत्र भारत मित्र के मालिक राजेंद्र नारायण वाजपेयी हैं। ”मैथिली समाद” के शुरू करने में इनका महत्वपूर्ण योगदान है।
”मिथिला समाद” के संपादक ताराकांत झा ने वर्ष 1972 में आर्थिक पत्रकारिता में कदम रखा था। दैनिक विश्वमित्र और छपते-छपते समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर रहे। उसके बाद कई वर्षों तक पश्चिम बंगाल सरकार के मुखपत्र पश्चिम बंगाल के संपादकीय प्रभारी रहे।
कामदेव झा, अशोक झा, विष्णुदेव मिश्र, गोपीकांत झा मुन्ना, विनय परिहस्त ने समाचार पत्र की रूपरेखा निर्धारण में योगदान दिया है। नेपाल से जितेंद्र झा, दिल्ली से सुशील देव, पटना से नेवेंद्र कुमार झा, रांची से विद्यानाथ झा, बोकारो से तुलाकांत मिश्र, दयाकांत झा, दरभंगा से डा. रामदेव झा संपादकीय सहयोग दे रहे हैं।