राष्ट्रीय सहारा, पटना से दो विकेट गिरने की सूचना है। लोकल रिपोर्टिंग के कोआर्डिनेशन का काम देख रहे राहुल कुमार ने सोमवार को त्यागपत्र दे दिया। बताया जा रहा है कि राहुल ने निजी व पारिवारिक कारणों के चलते इस्तीफा देने का उल्लेख पत्र में किया है। राहुल कहां जा रहे हैं, अभी पता नहीं चल पाया है। सहारा से जुड़ने से पहले राहुल हिंदुस्तान, मुजफ्फरपुर में सब एडिटर के बतौर कार्यरत थे। राष्ट्रीय सहारा, पटना की लोकल रिपोर्टिंग टीम के हिस्से भूपेंद्र दुबे ने भी इस्तीफा दिया है। पता चला है कि भूपेंद्र पटना से लांच किए जा रहे न्यूज चैनल ‘मौर्या’ में बतौर प्रोड्यूसर ज्वाइन किया है। भूपेन्द्र ने राष्ट्रीय सहारा के दानापुर ब्यूरो कार्यालय के ब्यूरो चीफ के तौर पर भी एक साल काम किया है। वे पटना में राष्ट्रीय सहारा के लांच होने से ही इसके साथ जुड़े हुए थे। सहारा से पहले वे ईटीवी, बिहार और पटना दूरदर्शन में काम कर चुके हैं।
दैनिक भास्कर, अलवर से चार साल से जुड़े रहे पुष्पेश भारद्वाज ने इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि प्रबंधन ने उनका तबादला भरतपुर के लिए कर दिया था जिससे वे नाराज चल रहे थे। पुष्पेश ने अब भिवाड़ी से ‘राजस्थान का गौरव’ नामक खुद का एक अखबार निकाला है। दैनिक भास्कर, अलवर के सिटी चीफ धर्मेंद्र अदलखा और पत्रकार पूजा अरोड़ा को कार्यमुक्त किए जाने की सूचना है। इन लोगों ने नई पारी कहां शुरू की, यह पता नहीं चल पाया है।
दैनिक भास्कर, जयपुर के रिपोर्टर नीरज खत्री का तबादला दैनिक भास्कर, अलवर कर दिया गया है। नीरज जयपुर से पहले श्रीगंगानगर में भी दैनिक भास्कर को अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे भास्कर समूह द्वारा बनाए गए टैलेंट पूल के भी सदस्य हैं।











