ईटीवी नेटवर्क के दो प्रदेशों बिहार और झारखंड के मार्केटिंग हेड निखिल केडी वर्मा ने इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि वे महुआ मीडिया के साथ नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। महुआ टीवी और महुआ न्यूज के लिए वे इन्हीं दो राज्यों का काम देखेंगे। निखिल ईटीवी के साथ पिछले सात वर्षों से जुड़े हुए थे। ईटीवी, बिहार-झारखंड से कई बड़े एडवरटाइजरों को जोड़ने का श्रेय निखिल को जाता है। निखिल का जाना ईटीवी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
अंग्रेजी न्यूज चैनल न्यूज एक्स के संपादकीय हेड पद से विदाई के बाद अरुप घोष ने एक बयान जारी कर कहा है कि उनके साथ जो कुछ हुआ है, वह बिलकुल गलत और अनैतिक है। अरुप ने प्रबंधन की तरफ से जारी किए गए टर्मिनेशन लेटर को प्रोफेशनल साख और विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने वाला करार दिया और इसके खिलाफ कार्रवाई व मुआवजे के लिए कानूनी सलाह लेने की बात कही है। उन्होंने न्यूज एक्स प्रबंधन पर साजिश रचने का आरोप लगाया।











