नर्मदा नदी पर विशिष्ट काम करने वाले और नदियों पर कई किताबें लिखने वाले अमृत लाल वेगड़ 4 नवंबर से नर्मदा परिक्रमा शुरू करने जा रहे हैं। उनके साथ हिंदुस्तान, कानपुर के स्थानीय संपादक राजीव मित्तल समेत कई गणमान्य लोग भी होंगे। इंदौर से मिली जानकारी के अनुसार 82 वर्ष की अवस्था होने के कारण यह माना जा रहा है कि वेगड़ जी की यह अंतिम नर्मदा परिक्रमा होगी। यात्रा 4 नवंबर को सुबह बरमान घाट से शुरू होगी।
इस दस दिवसीय यात्रा में वे उत्तर तट से चलकर जबलपुर तक आयेंगे। इस यात्रा में उनके साथ मुंबई से गार्गी देसाई, दुर्ग से कांति सोलंकी तथा विद्या गुप्त भी होंगे। जबलपुर से बेगड़ के साथ उनकी पत्नी कांता बेगड़, पुत्र नीरज बेगड़, शरद चौहान, तपन भट्टाचार्य, दीप्ति भट्टाचार्य, शैलेंन्द्र होंगे। अहमदाबाद से जोगेश ठाकुर के भी आने की संभावना है। इस यात्रा में सब लोग पैदल ही चलेंगे और नर्मदा के किनारे-किनारे चलने की कोशिश करेंगे। अमृत लाल वेगड़ जी ने बताया कि वे उम्र के 82वें वर्ष में पहुंच चुके हैं। अब शरीर और घर वाले परिक्रमा की इजाजत नहीं देते हैं। इसलिए हो सकता है कि यह आखिरी यात्रा हो।