हाईकोर्ट ने सरकार से पूछा : चार अफसरों को नोटिस : पत्रिका को सुरक्षा देने के निर्देश : मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने ग्वालियर में “पत्रिका” की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, कर्मचारियों पर हमला करने और अखबार लूटने के मामले को लेकर राज्य सरकार से पूछा है कि हमलावरों पर अब तक क्या कार्रवाई की गई। हाईकोर्ट ने सरकार को चार सप्ताह में विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। दायर याचिका में ग्वालियर में पत्रिका के सुचारू वितरण करने और पत्रिका को सुरक्षा देने की मांग की गई थी।
याचिका पर अंतरिम राहत देते हुए हाईकोर्ट ने गुरूवार को पत्रिका के ग्वालियर स्थित कार्यालय, अन्य संपत्तियों और हॉकरों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। न्यायाधीश एनके मोदी की एकलपीठ ने गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर और पुलिस अधीक्षक ग्वालियर को नोटिस जारी किए।
अदालत ने अगली सुनवाई 24 जून नियत की है। मामले की सुनवाई के दौरान राज्य शासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सरकारी वकील विवेक खेडकर ने नोटिस प्राप्त किए। पत्रिका की ओर से वकील अतुल गुप्ता ने हाईकोर्ट को बताया कि पत्रिका की प्रगति से बौखलाए एक अखबार से जुड़े गुंडों ने पत्रिका कर्मचारियों पर हमला कर लूटपाट की। इसके साथ ही पत्रिका के बंडलों को भी लूटा। पत्रिका कर्मचारियों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं, धमकियां दी जा रही हैं। हाईकोर्ट ने पूरी बात सुनने के बाद अंतरिम राहत देते हुए पत्रिका की संपत्ति, कर्मचारियों और हाकरों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं.












ravishankar vedoriya
June 14, 2010 at 10:55 am
high court ka patrika mamale mai notice dena or suraksha ki baat karna nayasangat hai kisi bhi prakar ki gundagirdi kabhi bhi bardas nahi karni chaheye sachhe log hamesha bane rahte hai