खबर है कि नागपुर की कलमेश्वर पुलिस ने नागपुर-अकोला से प्रकाशित होने वाले मराठी दैनिक देशोन्नती के मालिक व संपादक प्रकाश पोहरे समेत चार आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार किया फिर कुछ देर बाद जमानत पर रिहा कर दिया। अन्य तीन गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं- विलास भोयर, अनुभव शिक्षार्थी और रामभाऊ महाजन। इनके खिलाफ कमलेश्वर थाने में देशोन्नती के कर्मचारियों के साथ मारपीट के मामले में धारा 143, 147, 148, 149, 323, 294, 506 के तहत मामला दर्ज था।
गत दिनों हड़ताल पर बैठे देशोन्नती के कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट के आरोप में कल्मेश्वर थाने में देशोन्नती के प्रमुख प्रकाश पोहरे समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। गुरुवार को पत्रकार भवन में आयोजित एक पत्रपरिषद में नागपुर श्रमिक पत्रकार संघ के पदाधिकारी व देशोन्नती कर्मचारी संघ ने प्रबंधन पर आरोप लगाया था कि प्रबंधन द्वारा भेजे गुडों ने हड़ताली कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया। दो पत्रकारों का अपहरण भी किया गया। इस मुद्दे को उठाते हुए नागपुर श्रमिक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि देशोन्नती के कर्मचारी पत्रकार-गैरपत्रकार की 20 दिसंबर से अनिश्चित कालीन हड़ताल चल रही है।