राजस्थान से मिली सूचना के अनुसार पिंक सिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष रह चुके ईशमधु तलवार की क्लब की सदस्यता तीन माह के लिए समाप्त कर दी गई है। सदस्यता खत्म करने का फैसला क्लब की साधारण सभा की बैठक में लिया गया। ईशमधु तलवार ने इस फैसले के खिलाफ न्यायालय से स्थगनादेश लेना चाहा पर कोर्ट से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली। सदस्यता खत्म होने से ईशमधु पिंक सिटी प्रेस क्लब के चुनाव में हिस्सा नहीं ले पाए। पिछले दिनों पिंक सिटी प्रेस क्लब, जयपुर के वार्षिक चुनाव भी संपन्न हो गए। इस चुनाव में क्लब के अध्यक्ष पद पर वीरेंद्र सिंह राठौर दूसरी बार निर्वाचित घोषित किए गए। मजेदार नतीजा महासचिव पद पर रहा। इस पद पर दो प्रत्याशियों को विजयी घोषित किया गया है। ये हैं- पंकज सोनी और किशोर शर्मा।
वजह है इन दोनों को एक बराबर मत मिलना। इसके चलते ये दोनों क्लब के महासचिव का पदभार छह-छह महीने तक संभालेंगे। उपाध्यक्ष पद पर संयोग जैन और विकास शर्मा चुने गए हैं। कोषाध्यक्ष बने हैं रोशनलाल शर्मा। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में योगेश शर्मा, गुणेन्द्र शर्मा, डॉ.जीनत कैफी, अनीता शर्मा, अजय मिश्रा, मुकेश पारीक, राधारमण शर्मा, पुरुषोत्तम सैनी, प्रेम शर्मा और कानाराम कड़वा निर्वाचित किए गए हैं।