चुनाव में जिले के कई दिग्गज धराशाई : उत्तर प्रदेश के जिला बलरामपुर के प्रेस क्लब का चुनाव इसी रविवार को गहमागहमी के बीच संपन्न हो गया। 33 सदस्यों वाले इस प्रेस क्लब के चुनाव में कई दिग्गज हारे और कई लोग उस्ताद बने। चुनाव में जिला श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिला अध्यक्ष टीबी लाल उपाध्यक्ष पद पर बुरी तरह से हार गए। दैनिक जागरण के संवाददाता राकेश सिंह 22 मत पाकर प्रेस क्लब के अध्यक्ष चुन लिए गए। राकेश सिंह ने दैनिक हिंदुस्तान अखबार के अंबरीश तिवारी को हराया। अंबरीश तिवारी को सिर्फ 11 मत मिले। सचिव पद पर अमर उजाला के संजय तिवारी ने दैनिक हिंदुस्तान के अविनाश त्रिपाठी को हराया।
संजय तिवारी को 27 और अविनाश त्रिपाठी को कुल सात वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर सचिन मदान और त्रिपुरारी शंकर जीते। इन दोनों ने टीबी लाल और कमलेश त्रिपाठी को हराने में सफलता हासिल की। बलरामपुर प्रेस क्लब के नए चुने गए पदाधिकारी अगले महीने एक भव्य समारोह में शपथ लेंगे। शपथ दिलाने के लिए यूपी प्रेस क्लब के अध्यक्ष रवींद्र सिंह, सचिव जेपी तिवारी, यूपी श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी, लखनऊ श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष सिद्धार्थ कलहंस को बुलाया जाएगा। नए जीते सभी पदाधिकारियों को भड़ास4मीडिया की तरफ से ढेरों शुभकामनाएं।