दैनिक भास्कर के हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के स्टेट एडीटर उत्तम सेन गुप्ता का तबादला कर दिया गया है। भास्कर समूह ने उन्हें एक विशेष प्रोजेक्ट पर कोलकाता भेज दिया है। उनकी जगह नए स्टेट एडीटर के रूप में कमलेश सिंह ज्वाइन करने वाले हैं। कमलेश सिंह इन दिनों मेट्रो नाऊ, दिल्ली के एडीटर हैं। इससे पहले वे सीएनएन-आईबीएन में एक साल, इंडिया टुडे में पांच साल और एशियन एज में पांच साल तक काम कर चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि भास्कर ग्रुप ने उत्तम सेन गुप्ता को नए प्रोजेक्ट पर कोलकाता भेजकर उन्हें एक तरह से किनारे लगा दिया है।
बताते हैं कि भास्कर के चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब के ज्यादातर स्थानीय संपादक और संपादकीय प्रभारी उत्तम सेन गुप्ता के रवैए से नाखुश थे। दूसरी तरफ चर्चा ये भी है कि उत्तम सेन गुप्ता जैसे वरिष्ठ पत्रकार को लेकर भास्कर समूह कुछ नया प्लान कर रहा है। इनके जरिए एक बड़े प्रोजेक्ट को शुरू करना चाहता है। यह प्रोजेक्ट पश्चिम बंगाल में बांग्ला, हिंदी और अंग्रेजी में अलग-अलग अखबार लांच करने का है। भास्कर ग्रुप ने उत्तम सेन को इस मार्केट की स्टडी करने और सभी संभावनाओं के बारे में रिपोर्ट देने के लिए कहा है। उत्तम सेन गुप्ता टाइम्स आफ इंडिया के पटना, लखनऊ और कोलकाता के रेजीडेंट एडीटर रह चुके हैं। इसके अलावा वे टेलीग्राफ के कोलकाता के रेजीडेंट एडीटर रहे हैं। उन्होंने पिछले वर्ष अक्टूबर महीने में भास्कर समूह ज्वाइन किया।