हिंदुस्तान के बिहार संस्करणों से आने-जाने व कार्यभार बदलाव की खबरें हैं। धनबाद में इस अखबार से तीन लोग जुड़े हैं और एक ने नाता तोड़ा है। हिंदुस्तान, धनबाद से नीरज सिसोदिया ने इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने इलाहाबाद में किसी अखबार में ज्वाइन किया है। हिंदुस्तान, धनबाद में तीन नए लोग भर्ती किए गए हैं। एक ज्वाइन कर चुके हैं और दो लोग पहली अगस्त को ज्वाइन करेंगे। जो ज्वाइन कर चुके हैं उनका नाम अमित वत्स है। वे धनबाद में ही दैनिक जागरण में रिपोर्टर हुआ करते थे। अब हिंदुस्तान में स्टाफ रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जो दो लोग पहली से हिंदुस्तान, धनबाद में अपनी सेवाएं देंगे, वे हैं गंगेश गुंजन और लोकेश।
गंगेश गुंजन दैनिक जागरण के धनबाद एडिशन में स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हैं। लोकेश प्रभात खबर, जमशेदपुर मेंहैं। इन दोनों को ज्वायनिंग लेटर मिल चुका है। उधर, दैनिक हिंदुस्तान, पटना से खबर है कि स्थानीय संपादक अकू श्रीवास्तव ने आशीष मिश्रा से मुख्य संवाददाता पद की जिम्मेदारी लेकर कमलेश को सौंप दी है। सूत्रों के अनुसार हिन्दुस्तान के पूर्व स्थानीय संपादक सुनील दूबे के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्य संवाददाता प्रमोद मुकेश के स्थान पर आशीष मिश्रा को यह जिम्मेदारी दी गई थी।