महाराष्ट्र के जल संपदा और आदिवासी मामलों के मंत्री विजय वाडेट्टीवर अब मीडिया के फील्ड में घुसने की तैयारी कर चुके हैं। राजनीति के बाद फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख चुके विजय ने एक अखबार लांच करने की घोषणा करके मीडिया फील्ड में धमाकेदार इंट्री का ऐलान पिछले दिनों कर दिया। गढ़ चिरोली में पिछले दिनों पत्रकार परिषद में विजय ने बताया कि वे दैनिक लोकमान्य नाम से अखबार 15 अगस्त 2009 से लांच करेंगे। यह अखबार नागपुर से प्रकाशित होगा लेकिन इसके दायरे में पूरा महाराष्ट्र होगा।
विदर्भ इलाके को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। विदर्भ इलाके में स्थित 11 जिलों की हर खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री नारायण राणे सहयोगी रह चुके विजय रिश्तों में खटास आने के बाद अब राणे की तरह ही अपना मीडिया हाउस स्थापित करने की तैयारी में हैं। राणे के मुख्यमंत्री बनने के मुद्दे पर विजय और राणे के संबंधों में खटास आई थी। बाद में राणे ने मुंबई से दैनिक प्रहार नाम से अखबार प्रारंभ किया। उन्हीं के नक्शेकदम पर विजय भी दैनिक लोकमान्य लाने की तैयारी कर रहे हैं।
एक अन्य जानकारी के अनुसार आईपीएल पर अब एक मैग्जीन भी बाजार में आ चुकी है। ”आईपीएल 20-20” नामक 142 पेजों की इस अंग्रेजी मैग्जीन का मूल्य सौ रुपये है। वेस्टलेंड लिमिटेड, चेन्नई की कंपनी के सीईओ गौतम पदमनाभन इस मैग्जीन के पब्लिशर हैं। पत्रिका संपादक और प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्वेता जयशंकर हैं। मैग्जीन के बारे में ज्यादा जानकारी पाने के लिए www.westlandbooks.in पर क्लिक कर सकते हैं।











