रवि प्रकाश आई-नेक्स्ट छोड़कर फिर आई-नेक्स्ट ही पहुंच गए। हालांकि उन्हें जाना था प्रभात खबर पर बीच सफर में जाने क्या हुआ, वे रास्ते से मुड़ चले। पर अबकी मुड़कर रांची नहीं बल्कि आगरा पहुंचे। आई-नेक्स्ट, रांची के संपादकीय प्रभारी रवि प्रकाश ने पिछले दिनों इस्तीफा दे दिया था। उनकी नई पारी प्रभात खबर के साथ शुरू होने वाली थी। पर अंदरखाने चले कई घटनाक्रमों के बाद रवि फिर आई-नेक्स्ट से ही जुड़ गए।
उन्हें आई-नेक्स्ट, आगरा का संपादकीय प्रभारी बनाया गया है। यह पद विजय नारायण सिंह के जाने के बाद खाली हुआ था। रवि प्रकाश हिंदी मीडिया के प्रतिभाशाली युवा एडिटरों में शुमार किए जाते हैं। उन्होंने काफी लंबे समय तक प्रभात खबर के साथ काम किया। सूत्रों का कहना है कि रवि प्रकाश के इस्तीफे को आई-नेक्स्ट प्रबंधन ने स्वीकार नहीं किया था और उनके बीच के गैप को अब अवकाश के रूप में समायोजित कर दिया गया है। इस तरह रवि आई-नेक्स्ट से अलग होकर भी अलग न हो सके।