राघवेंद्र का नाम प्रिंटलाइन में : खबर है कि प्रभात खबर, देवघर के रेजीडेंट एडिटर सुशील भारती ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक वे रांची से लांच होने जा रहे रीजनल न्यूज चैनल ‘न्यूज 11’ में वरिष्ठ पद पर जा रहे हैं। सुशील ने 30 अक्टूबर को डेली मीटिंग के बाद दोपहर एक बजे अपना इस्तीफा प्रधान संपादक हरिवंश को मेल किया। सुशील का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।
दिव्य भास्कर, गुजरात की स्टेट टीम के सदस्य अशोक शर्मा को वड़ोदरा यूनिट का आपरेशन हेड बना दिया गया है। अशोक भास्कर के पुराने और विश्वस्त सरकुलेशन मैनेजर माने जाते हैं। उन्हें वड़ोदरा भेजने का निर्णय प्रबंधन ने तब लिया जब कई लोग वड़ोदरा में जाकर फ्लाप हो गए। अशोक शर्मा ने वड़ोदरा में ज्वाइन करने के बाद प्रसार बढ़ाने पर काम शुरू कर दिया है और इसके सकारात्मक नतीजे भी देखने को मिल रहे हैं। अशोक भास्कर, राजस्थान के साथ लंबे समय तक कार्य कर चुके हैं।
राजस्थान के वरिष्ठ पत्रकार श्री श्याम आचार्य का जुड़ाव दैनिक भास्कर से हो गया है। नवभारत टाइम्स, नवज्योति सहित कई पत्र-पत्रिकाओं से जुड़े रहे आचार्य अब भास्कर में नियमित रूप से लिखा करेंगे।
पीपुल्स समाचार, भोपाल का संपादक राघवेंद्र सिंह को बनाया गया है। वे अभी तक आरई के रूप में काम देख रहे थे। संपादक का पद ओमप्रकाश सिंह के इस्तीफे से खाली था। राघवेंद्र का नाम संपादक के रूप में प्रिंटलाइन में भी जाने लगा है।
दैनिक भास्कर, भोपाल में कार्यरत अंबरीन जैदी के इस्तीफा देने की खबर है।