दैनिक भास्कर, चंडीगढ़ से एक बड़ा विकेट गिरा है। रीजनल हेड एचआर-एडमिन के रूप में कार्यरत मेजर दीपक चौधरी के बारे में सूचना है कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। वे कहां जा रहे हैं, इसको लेकर कई तरह की सूचनाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि वे चंडीगढ़ में ही पंजाब केसरी में सीनियर जनरल मैनेजर के रूप में ज्वाइन करने वाले हैं तो कुछ लोग बता रहे हैं कि वे चंडीगढ़ में राजस्थान पत्रिका के बन रहे आफिस में बैठेंगे। पर इन दोनों सूचनाओं का मेजर ने खंडन किया।
भड़ास4मीडिया ने जब मेजर दीपक चौधरी से संपर्क किया तो उन्होंने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहीं और ज्वाइन करने से इनकार किया। उनका कहना था कि वे लंबी पारी खेल चुके हैं। दस वर्षों से भास्कर समूह के साथ थे। वे कुछ दिनों तक आराम करना चाहते हैं। मेजर चौधरी ने भास्कर प्रबंधन का प्रशंसा करते हुए इसे अपने परिवार की तरह बताया और अपने बिताए समय को यादगार बताया। उल्लेखनीय है कि मेजर चौधरी पहले चंडीगढ़ में गर्वनर के ओएसडी रहे हैं। जब उन्होंने वीआरएस लिया तो भास्कर ने अपने यहां ज्वाइन करा लिया था। वह दौर पंजाब के इलाके में दैनिक भास्कर के पांव जमाने का था, सो मेजर चौधरी ने अपने संपर्कों-संबंधों के कारण भास्कर को काफी सहूलियत दिलाई।
दैनिक भास्कर, चंडीगढ़ में दो लोगों के ज्वाइन करने की भी खबर है। दैनिक जागरण, चंडीगढ़ में कार्यरत दर्पण चौधरी फिर से वापस दैनिक भास्कर लौट रहे हैं। वे पहले भी यहां काम कर चुके हैं पर कुछ अंदरुनी विवादों के कारण भास्कर छोड़ जागरण चले गए थे। उधर, आई-नेक्स्ट, मेरठ के सब एडिटर अनुराग शुक्ला के बारे में सूचना है कि उन्होंने दैनिक भास्कर, चंडीगढ़ ज्वाइन कर लिया है।