मल्हार अरणकल्लई को नई जिम्मेदारी दी गई है। वे अभी तक सकाल अखाबर में कार्यरत थे। उन्हें अब सकाल साप्ताहिक, पुणे का संपादक नियुक्त किया गया है। इस समूह के साथ पिछले 25 वर्षों से जुड़े मल्हार को यह नई जिम्मेदारी सकाल साप्ताहिक के एडिटर सदा डुमरे के रिटायर होने के चलते दी गई है।
राष्ट्रीय सहारा, नोएडा में सेंट्रल डेस्क पर कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार सत्यप्रकाश ने प्रबंधन को आखिरी सहारा प्रणाम बोल दिया है। उन्होंने प्रबंधन को संस्थान से इस्तीफे से संबंधित नोटिस पकड़ा दिया है। वे कहां जा रहे हैं, यह पता नहीं चल पाया है।
हिंदुस्तान, मेरठ से राकेश तिवारी ने इस्तीफा देकर पीपुल्स समाचार, जबलपुर में सब एडिटर के रूप में ज्वाइन किया है। राकेश जबलपुर के ही रहने वाले हैं।
नवभारत टाइम्स, दिल्ली के फोटोग्राफर ज्ञान त्रिपाठी के बारे में पता चला है कि वे यहां से इस्तीफा देकर राजस्थान पत्रिका, जयपुर में सीनियर फोटोग्राफर के रूप में ज्वाइन कर रहे हैं।
राज एक्सप्रेस, भोपाल में कार्यरत सांध्यदीप कासिव के दैनिक भास्कर, भोपाल में ज्वाइन करने की सूचना है।











