वरिष्ठ पत्रकार सगीर किरमानी ने पर्ल समूह की मैग्जीन ‘शुक्रवार’ से जुड़कर नई पारी की शुरुआत कर दी है। पिछले तीन दशक से हिंदी मीडिया में सक्रिय किरमानी ने करियर की शुरुआत दिल्ली प्रेस के साथ की थी। यहां वे सरिता के इंचार्ज थे। इसके बाद उन्होंने अपनी खुद की मैगजीन ‘क्रिकेट स्टार’ को लगभग दस सालों तक चलाया। स्वतंत्र भारत, दैनिक जागरण, अमर उजाला एवं जेवीजी टाइम्स सहित कई समाचार पत्रों को भी वे अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
गुजराती जनसत्ता के चीफ रिपोर्टर नरेंद्र शर्मा बनाए गए हैं। तेजतर्रार रिपोर्टर माने जाने वाले नरेंद्र कई गुजराती अखबारों में काम कर चुके हैं। वे संपूर्ण समाचार सेवा नाम की न्यूज सर्विस की लांचिंग से भी जुड़ रहे हैं।
दिल्ली से भी छपेगा ‘यूनियन टाइम्स टुडे’
केंद्र शासित प्रदेश दमन दीव, दादर और नागर हवेली के सांसद मोहन देलकर ने सिलवासा से एक टैबलायड का प्रकाशन शुरू किया है। नाम है यूनियन टाइम्स टुडे। इस साप्ताहिक अखबार के संपादक हैं संजीव देसाई। 24 पन्ने के इस रंगीन अखबार की छपाई नोएडा में कराई जाएगी। बताया जा रहा है कि प्रबंधन यह अखबार जल्द ही दिल्ली से भी शुरू करने के मूड में है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक अगले साल के पहले तीन महीनों में यूटी टुडे का दिल्ली संस्करण लांच किया जा सकता है।