शिकायतों के कारण हिंदुस्तान के ब्यूरो चीफ का तबादला : दैनिक भास्कर, इंदौर से तीन और दैनिक भास्कर, उज्जैन से तीन लोगों ने इस्तीफा दे दिया है। ये सभी पत्रिका ज्वाइन कर रहे हैं। दैनिक भास्कर, इंदौर से इस्तीफा देने वालों के नाम हैं- विनोद शर्मा, शैलेश दीक्षित और कपिल भटनागर। विनोद और शैलेश रिपोर्टर हैं जबकि कपिल सब एडिटर हैं। भास्कर, उज्जैन से इस्तीफा देने वालों के नाम हैं- राजीव भदौरिया, राजू चंद्रवंशी और आशीष सक्सेना।
भास्कर से इस्तीफा देने वाले रिपोर्टर विनोद शर्मा से जब भड़ास4मीडिया ने संपर्क किया तो उन्होंने इस्तीफे की पुष्टि की और दुख व्यक्त किया कि जब वे इस्तीफा देने के लिए भास्कर आफिस पहुंचे तो उनके आफिस के अंदर प्रवेश करने पर पाबंदी लगा दी गई थी। विनोद के मुताबिक उन्होंने 5 वर्षों तक भास्कर की पूरी ईमानदारी के साथ सेवा और वहां के खराब होते माहौल को देखकर इस्तीफा दिया। पर प्रबंधन ने आखिरी समय में उनके साथ जो सलूक किया वह काफी दुखदायी था। सूत्रों का कहना है कि भास्कर से अभी कई और लोग इस्तीफा दे सकते हैं।
एक अन्य खबर के मुताबिक हिंदुस्तान, बुलंदशहर के ब्यूरो चीफ मनोज उपाध्याय का तबादला मेरठ स्थित मुख्यालय कर दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि मनोज के खिलाफ कुछ शिकायतें थीं, जिसके आधार पर प्रबंधन ने जांच कराने के बाद उनका तबादला करने का फैसला किया। मनोज के अधीनस्थ काम कर रहे अनिल शर्मा के बारे में सूचना है कि उन्हें कुछ दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया है। नया ब्यूरो चीफ राहुल त्रिपाठी को बनाया गया है। हिंदुस्तान, मेरठ में डेस्क पर था।