वरिष्ठ पत्रकार एसएन विनोद एक नया प्रयोग करने जा रहे हैं। वे इसे अपने लंबे करियर के आखिरी प्रयोग की संज्ञा देते हैं। उनका दावा है कि वे देश का पहला समाचार विचार हिंदी दैनिक निकालने जा रहे हैं। इस अखबार का नाम रखा है- राष्ट्रप्रकाश। इसमें प्रकाशित हर खबर विश्लेषणात्मक होगी। एसएन विनोद यह प्रोजेक्ट देशोन्नति मराठी के साथ ज्वाइंट वेंचर के रूप में ला रहे हैं। मतलब, अखबार के चीफ एडीटर होने के साथ-साथ वे इसके संचालक भी होंगे। अखबार के लांचिंग की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
भड़ास4मीडिया से बातचीत में एसएन विनोद ने बताया कि वे बहुत पहले से ऐसे अखबार के बारे में सोचते रहते थे जो पाठकों को सिर्फ खबरें न बताए बल्कि खबरों के घटित होने की वजह भी समझाए, फायदे-नुकसान भी बताए, देश-समाज पर असर को व्याख्यायित करे, स्थानीय स्तर पर प्रभाव की नापजोख करे। इस कल्पना को अब मूर्त रूप देने का समय आ गया है। एसएन विनोद के मुताबिक उन्होंने अपने लंबे करियर में हमेशा नए प्रयोग किए और अब करियर के अंतिम मोड़ पर वे फिर एक बड़ा प्रयोग करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिसंबर में राष्ट्रप्रकाश पहले नागपुर से लांच होगा। जनवरी में यह मुंबई से प्रकाशित होने लगेगा।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पत्रकार एसएन विनोद इससे पहले इंडिया न्यूज में वरिष्ठ पद पर थे। यहां से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने देशोन्नति में ग्रुप एडीटर के रूप में ज्वाइन किया। वे देशोन्नति के ग्रुप एडीटर के रूप में काम करते हुए नए अखबार राष्ट्र प्रकाश के चीफ एडीटर के रूप में भी जिम्मेदारी निभाएंगे। नए अखबार के प्रचार का अभियान शुरू कर दिया गया है। विदर्भ में बड़े बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं जिसमें एसएन विनोद की तस्वीर के साथ राष्ट्रप्रकाश के लोगो को दर्शाते हुए इस अखबार को देश के मीडिया इतिहास में सबसे अलग प्रयोग बताया जा रहा है।