साहित्य, संस्कृति और ललित कलाओं के लिए समर्पित भोपाल की संस्था स्पंदन द्वारा स्थापित पुरस्कारों की श्रृंखला में स्पंदन आलोचना पुरस्कार 2009 के लिए सुप्रसिद्ध आलोचक डा. शंभु गुप्त के नाम का चयन निर्णायक मंडल प्रो. शंभुनाथ, डा. विजय बहादुर सिंह, डा. खगेंद्र ठाकुर तथा रवींद्र त्रिपाठी द्वारा सर्वसम्मति से किया गया है। शंभु गुप्त की आलोचना पर केंद्रित कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।
पुरस्कार समिति की संयोजक उर्मिला शिरीष ने बताया कि पुरस्कार स्वरूप 11 हजार रुपये की राशि, शाल, श्रीफल तथा स्मृति चिन्ह दिसंबर माह में भोपाल में आयोजित पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा। इससे पूर्व स्पंदन संस्था द्वारा प्रतिष्ठित लेखिका मृदुला गर्ग, सुविख्यात कवि पंकज राग तथा चर्चित कथाकार प्रियदर्शन को पुरस्कार घोषित किए जा चुके हैं।