एडीटर इन चीफ तरुण तेजपाल तहलका मैग्जीन को अंग्रेजी के बाद अब हिंदी में लांच करने जा रहे हैं। इसके बाद तहलका टीवी भी लाने की योजना है। अजीत शाही को तहलका टीवी का प्रोजेक्ट डायरेक्टर बनाया गया है। साथ ही वे तहलका अंग्रेजी और हिंदी, दोनों को देख रहे हैं। तहलका हिंदी के बारे में बताया जा रहा है कि इसे हर हाल में अगस्त महीने में लांच कर दिया जाएगा। इसके लिए कई स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। उधर, सूत्रों का कहना है कि यह मैग्जीन पाक्षिक होगी और इसकी कीमत 15 रुपये रखी जाएगी।
इस हिंदी मैग्जीन से हिंदी के कई बड़े संपादकों को किसी न किसी तरह से जोड़ा जा रहा है जो अपनी लेखनी के जरिए हिंदी पाठकों को नई चीजें मुहैया कराएंगे। तहलका हिंदी को पूरी तरह मौलिक मैग्जीन बनाने की कोशिश की जा रही है ताकि इस पर इसके अंग्रेजी संस्करण की छाप न दिखे। इसके लिए हिंदी तेवर के कुछ पत्रकारों को यहां भर्ती किया जा रहा है।











