वरिष्ठ पत्रकार अनिल सिंह उर्फ अनिल रघुराज अब फिर से प्रिंट में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने स्टार न्यूज को बाय बाय बोल दिया है। पिछले दिनों उनका तबादला मुंबई आफिस से दिल्ली के लिए कर दिया गया था। उन्होंने दिल्ली में एक अक्टूबर को ज्वाइन किया और दो को इस्तीफे का नोटिस थमा दिया। पता चला है कि वे अब बिजनेस भास्कर के मुंबई ब्यूरो के चीफ बनकर नई पारी शुरू करने वाले हैं। बिजनेस भास्कर की तरफ से उन्हें पद और पैकेज काफी अच्छा आफर किया गया है।
अनिल सिंह आर्थिक पत्रकारिता के क्षेत्र में पहले भी अपना लोहा मनवा चुके हैं। अमर उजाला ने जिन दिनों कारोबार नाम से हिंदी में बिजनेस अखबार शुरू किया था, उसमें अनिल सिंह नेतृत्वकारी भूमिका में थे। वे अपने ब्लाग एक हिंदुस्तानी की डायरी में भी आर्थिक उलझनों को समय-समय पर सुलझाते दिखते हैं। प्रिंट और आर्थिक पत्रकारिता का सुयोग एक साथ मिलने से अनिल सिंह ने इस मौके को स्वीकार करना ज्यादा उचित समझा। भड़ास4मीडिया से बातचीत में अनिल सिंह ने स्वीकार किया कि वे जल्द ही बिजनेस भास्कर के साथ मुंबई में काम शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने प्रिंट माध्यम को खुद के लिए ज्यादा सहज और स्वीकार्य बताया।